बिहार में अगले साल बड़े पैमाने पर युवाओं को सरकारी नौकरियां मिलेंगी। सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। इसके लिए जनवरी 2026 में पूरे साल की नियुक्तियों का भर्ती कैलेंडर निकाला जाएगा। साथ ही सरकारी भर्ती का विज्ञापन निकलने के एक साल के अंदर परीक्षा, परिणाम और नियुक्ति की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। इसको लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सभी सरकारी विभागों को 31 दिसंबर तक अपने-अपने यहां की वैकेंसी की जानकारी सामान्य प्रशासन विभाग को भेजने का निर्देश दिया है।

सीएम नीतीश ने गुरुवार को खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि बिहार के अधीन सभी प्रशासी विभाग, सभी प्रमंडलीय आयुक्त, पुलिस मुख्यालय के अधीन सभी कार्यालय एवं सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे सामान्य प्रशासन विभाग को रिक्तियों से संबंधित अधियाचना दिनांक 31 दिसंबर तक अवश्य उपलब्ध करा दें। सामान्य प्रशासन विभाग प्राप्त अधियाचनाओं को यथाशीघ्र जांच कर संबंधित विभिन्न नियुक्ति आयोगों को भेज दें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी नियुक्ति आयोगों एवं चयन एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि जनवरी 2026 में नियुक्ति के लिए पूरे साल का कैलेंडर प्रकाशित करें। परीक्षा कैलेंडर में अन्य आवश्यक सूचनाओं के अतिरिक्त विज्ञापन प्रकाशन की तिथि, परीक्षा आयोजन की संभावित अवधि, अंतिम परीक्षाफल प्रकाशन की तिथि आदि का स्पष्ट रूप से उल्लेख हो। परीक्षा के चाहे जितने भी चरण हों किसी भी परिस्थिति में विज्ञापन प्रकाशन से अंतिम परीक्षाफल में एक साल से अधिक समय नहीं लगना चाहिए।

हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव से पहले एनडीए ने अगले पांच सालों में 1 करोड़ नौकरी और रोजगार देने का वादा किया था। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि नई सरकार के गठन के पश्चात बिहार में अधिक से अधिक सरकारी नौकरी एवं रोजगार के अवसर उपलब्ध करने के लिए हमलोगों ने तेजी से काम शुरू कर दिया है। रिक्तियों को जल्द भरने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं। सभी परीक्षाएं ससमय एवं पूर्ण पारदर्शिता के साथ आयोजित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षाओं में अनुचित साधन की रोकथाम के लिए सख्त और तत्काल कार्रवाई की जाए। परीक्षा में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर दोषियों को चिह्नित कर फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से दंडित कराने का भी निर्देश दिया गया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *