Uttar Pradesh School: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को शिक्षा विभाग के कार्यों की समीक्षा की। सीएम योगी ने कहा कि कोई भी सरकारी बेसिक व माध्यमिक स्कूल शिक्षक विहीन नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर कीमत पर विद्यालयों में शिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है, हमारा पूरा फोकस गुणवत्तापरक शिक्षा देने पर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी आकांक्षात्मक जिलों व विकासखंडों में शिक्षक-छात्र अनुपात बेहतर रहे।
सीएम योगी ने पांच कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित बैठक में कहा कि आपरेशन कायाकल्प के तहत 19 पैरामीटर्स को ध्यान में रखकर अंतर विभागीय समन्वय के साथ कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सभी परिषदीय विद्यालयों में बालक व बालिकाओं के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। विद्यालयों में पेयजल, बेहतर क्लासरूम, विद्युत की सुविधा, बाउंड्रीवाल व गेट सहित अच्छे फर्नीचर की व्यवस्था की गई है।
आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार कक्षा एक से कक्षा 12 तक की पढ़ाई के लिए मुख्यमंत्री माडल कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण करा रही है। 26 जिलों में इसके निर्माण के लिए धनराशि जारी की जा चुकी है। वहीं प्री-प्राइमरी से कक्षा आठ तक की पढ़ाई के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों का निर्माण किया जा रहा है। 58 जिलों में इसके लिए धनराशि जारी की जा चुकी है। इन दोनों प्रकार के विद्यालयों में प्ले ग्राउंड और ट्रेनिंग सेंटर खोले जाएं।
