भारतीय जनता पार्टी संविधान शिल्पी डॉक्टर बीआर आंबेडकर की जयंती इस बार बहुत ज्यादा भव्य तरीके और धूमधाम से मनाएगी। पार्टी ने पूरे प्रदेश को आंबेडकरमय करने की तैयारी कर ली है। जयंती पर विभिन्न सेवा कार्यों एवं कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आंबेडकर महासभा के कार्यक्रम में शामिल होंगे। पार्टी सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में संगोष्ठियों के जरिए भी दलित समाज को जोड़ेगी। अलग अलग नेताओं को अलग अलग कार्यक्रमों में शामिल होने की जिम्मेदारी दी गई है। आंबेडकर जयंती मंगलवार को है लेकिन रविवार से ही कार्यक्रम शुरू हो गए हैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सोमवार को बछरावां व लखनऊ में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेंगे। पंकज चौधरी आंबेडकर जयंती की पूर्व संध्या पर सोमवार को दोपहर 2:30 बजे ग्राम कन्नावा, बछरावां, रायबरेली में बाबा साहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण के साथ जयंती के कार्यक्रमों का आगाज करेंगे। सायं 6 बजे वे राजधानी लखनऊ में हजरतगंज स्थित डा. आंबेडकर की प्रतिमा पर 11000 दीपों को प्रज्ज्वलित करके दीपांजलि अर्पित करेंगे। बता दें कि हाल ही में योगी सरकार ने डा. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना को मंजूरी दी है। इससे हर विधानसभा क्षेत्र में अंबेडकर सहित अन्य दलित महापुरुषों व स्त्रियों की मूर्तियों का जीर्णोद्धार होगा।
पार्टी इसके जरिए विधानसभा चुनाव से पूर्व दलितों को लुभाने की मुहिम में जुटी है। उधर, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह लगातार दलित वर्ग के युवाओं और प्रोफेशनल्स के बीच जाकर उन्हें पार्टी की रीति-नीति समझाने की मुहिम चला रहे हैं। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र कनौजिया का कहना है कि भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार ने अनुसूचित वर्ग के हित में और बाबा साहब के सम्मान में जितने भी कार्य किए हैं, उन्हें समाज के बीच पहुंचाया जाएगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि अम्बेडकर जयंती के मौके पर आंबेडकर महासभा, आंबेडकर मेमोरियल और डॉ. आंबेडकर विवि में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के जरिए गायन, नाट्य मंचन और विशेष प्रस्तुतियों के जरिए सामाजिक समरसता, समानता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर लखनऊ में सांस्कृतिक आयोजनों की तैयारी है। आगामी 14 अप्रैल को शहर के अलग-अलग प्रमुख स्थलों पर कला, संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए बाबा साहेब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की कोशिश की जाएगी। संस्कृति विभाग ने इसकी तैयारियां की है।
भारत रत्न बाबा साहेब डॉ भीमराव आंबेडकर जी की जयंती से दो दिन पूर्व रविवार को पारख महासंघ की ओर से भव्य ‘डॉ आंबेडकर यात्रा’ निकाली गई। पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर व विधायक जयदेवी कौशल के नेतृत्व में दुबग्गा, जागर्स पार्क के पास से शुरू हुई डॉ आंबेडकर यात्रा में सैकड़ो चारपहिया वाहन शामिल थे। यात्रा मलिहाबाद, माल व काकोरी ब्लाक के दर्जनों गांवों समेत पूरी मलिहाबाद विधानसभा में घूमी। इस दौरान दो दर्जन से अधिक गांवों में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। आठ स्थानों पर पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री ने डॉ आंबेडकर प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
समापन पर पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने कहा कि डॉ आंबेडकर के नेतृत्व में बना भारतीय संविधान, आरक्षण का अधिकार और वोट देने का अधिकार पूरी तरह से सुरक्षित है। सभा को विधायक जयदेवी कौशल, अवध क्षेत्र के एससी मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष विकास किशोर व रामलाल तूफानी, रामकुमार राही ने भी संबोधित किया।
