हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी बुधवार को दिल्ली के पल्ला गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने यमुना नदी के तट पर जाकर वहां से पानी पीया। अपने इस कदम के जरिए सैनी ने आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल समेत उनकी पार्टी के नेताओं को उस आरोप का जवाब देने की कोशिश की, जिसमें उन्होंने हरियाणा भाजपा पर यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था। यमुना का पानी पीकर उन्होंने बताया कि पानी में जहर नहीं है।

हरियाणा के सीएम ने दिल्ली में यमुना का पानी पिया, केजरीवाल को सैनी का जवाब

पहली बार में कुल्ला किया, दूसरी बार में पी लिया

यमुना का पानी पीते हुए नायब सिंह सैनी का वीडियो सामने आया है, उसमें वो नंगे पैर दिल्ली सीमा पर स्थित पल्ला गांव के यमुना तट पर नंगे पैर जाते हैं, और फिर एक हाथ में पानी लेकर उसे मुंह में भरते हैं। पहली बार में वे पानी को चखकर कुल्ला कर देते हैं, वहीं एकबार फिर पानी हाथ में लेते हैं और इस बार पानी को पी जाते हैं। इसके बाद वे एक बार फिर पानी में हाथ डाल दोनों हाथों को गीला करते हैं, फिर उस पानी के छींटे अपने ऊपर डाल लेते हैं। इसके बाद बाहर आने से पहले वे दोनों हाथों में पानी लेकर तीन बार नदी को अर्घ्य देते हैं और फिर यमुना को प्रणाम कर बाहर आ जाते हैं।

आतिशी ने कहा था- साथ चलते हैं

इससे पहले बुधवार को इसी मसले पर दिल्ली की सीएम आतिशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर हरियाणा के सीएम सैनी को टैग करते हुए लिखा था, ‘नायब सैनी जी मुझे पता चला है कि आप यमुना नदी के पल्ला घाट जा रहे हैं। मेरा आग्रह है कि आप और मैं साथ चलते हैं, मीडिया के साथियों को भी लेकर चलते हैं। सबके सामने अमोनिया की मात्रा को नापेंगे। सबको पता चलना चाहिए कि हरियाणा दिल्ली वालों को जहरीला पानी भेज रही है।’

सैनी ने दिया था जवाब- आपका स्वागत है

फिर सैनी ने आतिशी को जवाब देते हुए लिखा था, ‘AAP-दा की खड़ाऊं मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना जी, पल्ला गांव के यमुना तट पर आपका स्वागत है। हरियाणा से दिल्ली आने वाले पानी में तो ज़हर (अमोनिया) नहीं है, लेकिन आप लोगों के दिमाग में जरूर जहर भरा हुआ है। कभी पानी की कमी के लिए, कभी पराली के धुएं के लिए तो कभी अपनी तमाम विफलताओं के लिए हमेशा आप हरियाणावासियों को ही कोसती रहती हैं।’

बता दें कि इस पूरे विवाद की शुरुआत तब हुई थी, जब हाल ही में अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए हरियाणा की भाजपा सरकार पर यमुना नदी में जहर मिलाने का आरोप लगाया था, और इससे कई लोगों के मरने की आशंका जताई थी।

केजरीवाल ने अपनी पोस्ट में लिखा था, ‘लोगों को प्यासा मारने से बड़ा पाप नहीं होता। अपनी गंदी राजनीति के लिए बीजेपी दिल्ली वालों को प्यासा मारना चाहती है। हरियाणा से बीजेपी वाले पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर ये पानी दिल्ली वालों ने पी लिया तो कई लोग मर जाएंगे।’

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *