लाडकी बहिन योजना से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने बुलढाणा में संतों और अन्य व्यक्तियों की प्रतिमाओं की परिकल्पना के लिए गायकवाड की प्रशंसा की। शिंदे ने कहा कि कांग्रेस को आरक्षण के खिलाफ राहुल गांधी के बयान के लिए उनके आवास के सामने विरोध प्रदर्शन करना चाहिए।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपनी पार्टी शिवसेना के विधायक संजय गायकवाड का बृहस्पतिवार को समर्थन करते हुए कांग्रेस से राहुल गांधी के खिलाफ आरक्षण को लेकर उनकी टिप्पणी के लिए प्रदर्शन करने को कहा। विधायक गायकवाड ने पूर्व में कहा था कि आरक्षण संबंधी टिप्पणी के लिए राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। इसके लिए गायकवाड की विभिन्न दलों के नेताओं ने आलोचना की है।

हाल में अमेरिका की यात्रा के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस पार्टी आरक्षण खत्म करने के बारे में तब सोचेगी, जब भारत में आरक्षण के लिहाज से निष्पक्षता होगी और अभी ऐसा नहीं है। शिंदे ने आम आदमी पार्टी (आप) की नेता आतिशी पर भी आतंकवादी अफजल गुरु का “समर्थन” करने के लिए निशाना साधा। आतिशी 21 सितंबर को दिल्ली की मुख्यमंत्री की शपथ लेने जा रही हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) दावा कर रही है कि आतिशी के माता-पिता ने संसद हमले के दोषी अफजल गुरु के लिए दया याचिका पर हस्ताक्षर किए थे।

महाराष्ट्र राज्य सरकार की लाडकी बहिन योजना से जुड़े एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने बुलढाणा में संतों और अन्य व्यक्तियों की प्रतिमाओं की परिकल्पना के लिए गायकवाड की प्रशंसा की। शिंदे ने कहा, “कांग्रेस को आरक्षण के खिलाफ राहुल गांधी के बयान के लिए उनके आवास के सामने विरोध प्रदर्शन करना चाहिए। विपक्ष ने संविधान बदलने और आरक्षण समाप्त किये जाने के बारे में झूठी बातें फैलाईं। अब कांग्रेस के नेता विदेश जाकर आरक्षण समाप्त करने की बात कर रहे हैं। यह बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान का अपमान है।”

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *