यूपी की मेरठ लोकसभा सीट पर भाजपा और समाजवादी पार्टी के बीच मुकाबला रोचक होने जा रहा है। एक तरफ जहां सपा ने अतुल प्रधान को टिकट दिया है तो वहीं भाजपा ने रामायण सीरियल में भगवान श्रीराम का रोल निभाने वाले अरुण गोविल को प्रत्याशी बनाया है।

मेरठ: यूपी के मेरठ जिले में राजनीतिक उठापटक तेज हो गई है। एक तरफ जहां समाजवादी पार्टी ने भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सिंह सोम को हराने वाले अतुल प्रधान को यहां से उम्मीदवार बनाया है तो वहीं भारतीय जनता पार्टी ने अरुण गोविल को टिकट दे दिया है। अरुण गोविल टीवी सीरियल रामायण में भगवान श्रीराम की भूमिका निभा चुके हैं। इस टीवी सीरियल के बाद से अरुण गोविल काफी लोकप्रिय हुए और लोगों के बीच वह काफी चर्चित हैं। ऐसे में यूपी की मेरठ लोकसभा सीट पर आगामी चुनाव में कड़ा मुकाबला देखने को मिल सकता है।

संगीत सोम को हरा चुके हैं अतुल प्रधान

अतुल प्रधान की बात करें तो पश्चिमी यूपी में वह एक बड़े नेता के तौर पर उभर कर सामने आए हैं। अतुल प्रधान ने साल 2012 के विधानसभा चुनाव में पहली बार सरधना विधासनभा सीट पर सपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि इस चुनाव में उन्हें भाजपा के फायर ब्रांड नेता संगीत सिंह सोम के आगे हार का सामना करना पड़ा था। इसके अतुल प्रधान ने दोबारा 2017 के विधानसभा चुनाव में भी सपा के टिकट से ही चुनाव लड़ा, हालांकि इस चुनाव में भी उन्हें संगीत सोम ने हरा दिया। वहीं तीसरी बार 2022 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने संगीत सोम को हराकर अपना लोहा मनवाया। अतुल प्रधान गुर्जर समाज से आते हैं और पश्चिम यूपी में गुर्जर समाज के बीच उनकी अच्छी पहुंच है।

अरुण गोविल ने ‘रामायण’ से हासिल की लोकप्रियता

वहीं अरुण गोविल की बारे में बात करें तो वह सबसे ज्यादा चर्चा में तब आए जब उन्होंने टीवी सीरियल रामायण में भगवान श्रीराम का रोल किया था। भगवान श्रीराम का रोल करने के बाद पूरे देश में अरुण गोविल की लोकप्रियता काफी ज्यादा बढ़ गई। हालांकि अरुण गोविल का राजनीति में कोई पुराना इतिहास नहीं रहा है, लेकिन बीच-बीच में वह भाजपा सरकार की नीतियों की तारीफ करते हुए देखे गए। वहीं हाल ही में अयोध्या में रामलला के भव्य मंदिर के उद्घाटन समारोह में भी वह शामिल हुए थे। अरुण गोविल ने 2021 में भाजपा की सदस्यता ली थी। इसके बाद अब भाजपा ने उन्हें लोकसभा चुनाव में मेरठ सीट से प्रत्याशी बनाया है।

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *