गाजियाबादः
खाद्यान्न व्यापार संघ अनाज मंडी व फूड ग्रेन एसोसिएशन गोविंदपुरम मंडी द्वारा शुक्रवार को घंटाघर अनाज मंडी में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में श्री दूधेश्वर पीठाधीश्वर, श्री पंच दशनाम जूना अखाडा के अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता, दिल्ली संत महामंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष व हिंदू यूनाइटिड फ्रंट के अध्यक्ष श्रीमहंत नारायण गिरि महाराज को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। सभी पदाधिकारियों ने महाराजश्री का स्वागत अभिनंदन किया। श्रीमहंत नारायण गिरि ने सभी को होली पर्व की बधाई दी। उन्होंने कहा कि होली रंगों का तथा हँसी.खुशी का त्योहार है। अब ये सिर्फ भारत का त्योहार नहीं रह गया है, बल्कि पूरी दुनिया में मनाया जाने वाला त्योहार बन गया है। यह एकता का त्योहार भी है क्योंकि यह लोगों को जाति, नस्ल या धर्म की परवाह किए बिना सबको त्योहार मनाने के लिए एक साथ ले आता है। होली का यह त्योहार प्रहलाद से जुडा है। हिरण्यकश्यप की आज्ञा से प्रहलाद को मारने के लिए उसकी बुआ होलिका प्रहलाद को गोद में लेकर जलती हुई लकड़ियों के ढेर पर बैठ गई। भगवान विष्णु की कृपा से आग में ना जलने का वरदान मिलने के बाद भी होलिका भस्म हो गई और प्रहलाद सुरक्षित बच गया। हमें इस पर्व का संदेश जीवन में उतारते हुए अपनी बुराईयों का दहन करना चाहिए तभी हम प्रहलाद जैसा बनकर भगवान की कृपा प्राप्त कर सकेंगे। केंद्रीय मंत्री जनरल वी के सिंह, केबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, क्षेत्रीय मंत्री मयंक गोयल आदि ने भी होली पर्व की बधाई दी। महंत गिरिशानंद गिरि, स्वामी मुकेशानंद गिरि, समाजसेवी अजय चोपडा, दैनिक नेशनल रफतार के प्रधान संपादक यथार्थ शर्मा भी मौजूद रहे।