BJP UP Lok Sabha List: बीजेपी ने पहली लिस्ट जारी कर दी है। भाजपा ने मुरादाबाद मंडल में पुराने चेहरों पर दांव खेला। माना जा रहा है कि मुरादाबाद लोकसभा सीट पर प्रत्याशिता का पेंच फंस गया है।

भाजपा ने मुरादाबाद मंडल में पुराने चेहरों पर खेला दांव, इस सीट के टिकट पर फंसा पेंच 

BJP UP Lok Sabha List: भाजपा ने पहले राउंड में ही मुरादाबाद मंडल की छह सीटों में से चार पर प्रत्याशी घोषित कर दिए गए हैं। पार्टी ने अमरोहा, संभल और रामपुर में पुराने चेहरों पर ही दांव खेला है, जबकि नगीना में प्रत्याशी बदला है। वहीं मुरादाबाद और बिजनौर सीट पर किसी के नाम का ऐलान नहीं किया गया है। माना जा रहा है कि मुरादाबाद लोकसभा सीट पर प्रत्याशिता का पेंच फंस गया है। इसी वजह से टिकट होल्ड कर दिया गया है। मुरादाबाद से कोई चौंकाने वाला प्रत्याशी आ सकता है, फिलहाल सभी को इसका इंतजार है।

आगामी लोकसभा चुनाव के लिए शनिवार को जारी पार्टी की पहली लिस्ट में रामपुर, अमरोहा, संभल और नगीना सीट से प्रत्याशी तय कर दिए हैं। संभल में परमेश्वर लाल सैनी, रामपुर में घनश्याम लोधी और अमरोहा से कंवर सिंह तंवर को टिकट दिया गया है। इन सभी ने पिछला लोकसभा चुनाव इन्हीं सीटों से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ा था, लेकिन जीत नहीं हासिल कर सके थे। पार्टी ने दोबारा इन्हीं चेहरों पर दांव लगाया है। भाजपा ने नगीना (सुरक्षित) से प्रत्याशी बदलते हुए ओम कुमार को चुनाव मैदान में उतारा है। यहां 2019 में डा. यशवंत सिंह को भाजपा ने प्रत्याशी बनाया था।

मुरादाबाद लोकसभा क्षेत्र से 2014 में सांसद चुने गए सर्वेश सिंह को 2019 में भी टिकट दिया गया था, लेकिन वह चुनाव हार गए थे। इस बार भी वह प्रमुख दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन भाजपा ने पहली सूची में मुरादाबाद सीट का टिकट होल्ड कर लिया है। इस वजह से यह कहना मुश्किल है कि टिकट किसको मिलेगा पर इतना तय है कि इस सीट पर कोई न कोई पेच जरूर फंसा है। बिजनौर सीट भी होल्ड की गई है। बिजनौर और मुरादाबाद के टिकट घोषित होने के बाद तस्वीर और साफ होगी।

मुरादाबाद मंडल के बदले सियासी समीकरण
पिछले लोकसभा चुनाव में मुरादाबाद मंडल की सभी छह सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि रामपुर में हुए उपचुनाव में भाजपा ने यह सीट जीत ली थी। पिछले लोकसभा चुनाव में सियासी समीकरण अलग थे। सपा के साथ रालोद और बसपा मिलकर चुनाव लड़े थे, कांग्रेस अलग चुनाव लड़ी थी। मंडल की तीन सीटों पर सपा और तीन पर बसपा प्रत्याशी जीते थे। रामपुर, मुरादाबाद और संभल सपा के खाते में और नगीना (सुरक्षित), बिजनौर तथा अमरोहा बसपा के खाते में गई थी। इस बार सियासी समीकरण थोड़ा अलग हो गए हैं। रालोद भाजपा के खेमे में खड़ी है, जबकि सपा और कांग्रेस साथ-साथ चुनाव लड़ रहे हैं, जबकि बसपा ने अकेले चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। बदले राजनैतिक समीकरण में चुनाव परिणाम बदलने की उम्मीद भाजपा को है।

2019 में मुरादाबाद मंडल में सपा-बसपा गठबंधन और भाजपा को मिले वोट  
लोकसभा क्षेत्र           गठबंधन            भाजपा
मुरादाबाद                 649538              551416
अमरोहा                     601082              537843
रामपुर                       559177              449180
संभल                         658006             483180
बिजनौर                     556556              486362
नगीना                      568378               401546

 

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *