(मथुरा)(ए.के .शर्मा) मथुरा वृंदावन नगर निगम जोनल कार्यालय वृंदावन के नवागत अपर आयुक्त रामजीलाल ने शुक्रवार को पदभार ग्रहण कर लिया है। ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन कर उन्होंने विधिवत चार्ज संभाला। निवर्तमान अपर आयुक्त क्रांति शेखर सिंह के आगरा विकास प्राधिकरण सचिव पद पर स्थानांतरण के बाद बदायूं से आए पीसीएस अधिकारी रामजीलाल को प्रदेश शासन द्वारा वृंदावन का चार्ज सौंपा गया है। नवागत अपर आयुक्त रामजीलाल ने कहा कि यह पवित्र धार्मिक नगरी है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम प्रशासन संकल्पित है। वहीं यमुना की प्रदूषण मुक्ति को लेकर यमुना भक्तों ने नगर निगम जोनल कार्यालय के मुख्य द्वार पर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया है। इस मौके पर यमुना भक्तों द्वारा मुख्यमंत्री को प्रेषित ज्ञापन अपर आयुक्त रामजीलाल को सौंपा गया। यहां बताते चलें कि मोक्षदायिनी यमुना को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग को लेकर यमुना भक्त लंबे समय से आंदोलनरत है। सामाजिक कार्यकर्ता ताराचंद गोस्वामी द्वारा कई बार यमुना महारानी को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग को लेकर स्थानीय से लेकर जिलास्तर तक प्रदर्शन किया जा चुका है। शुक्रवार को ताराचंद गोस्वामी एक बार फिर नगर निगम के जोनल कार्यालय पर अपनी मांग दोहराने पहुंचे। मुख्य द्वार पर नारेबाजी कर प्रदर्शन करने के बाद नवागत अपर आयुक्त रामजीलाल को मुख्यमंत्री के नाम प्रेषित ज्ञापन सौंपा। अपर आयुक्त रामजीलाल ने कहा कि उक्त ज्ञापन नगर आयुक्त के माध्यम से जल्द ही मुख्यमंत्री को भेजा जायेगा। साथ ही नगर निगम स्तर पर यमुना के घाटों की सफाई और गंदे पानी के नालों को बंद कराने का काम शुरू किया जायेगा।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *