समाजवादी पार्टी चीफ और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। एक लिस्ट शेयर करते हुए कहा है कि लिंक एक्सप्रेसवे के टेंडर कुछ गिनी-चुनी ही कंपनियों को दिया गया है। भाजपा सरकार पैसा खाकर चुपचाप बैठी है। दुनिया को दिखाने के लिए ये ‘टेंडर’ है। जबकि सारा खेल मेज के ‘अंडर’ हो रहा है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मंगलवार को एक लिस्ट शेयर करते हुए पोस्ट लिखा। उन्होंने इस पोस्ट में लिखा, UPEIDA Link Expressway के टेंडरों में कुछ गिनी-चुनी कंपनियों व कमीशनजीवी महाभ्रष्टाचारी भाजपा सरकार की मिलीभगत से टेंडर आपस में बांट लिए जा रहे हैं। ये दुनिया को दिखाने भर का टेंडर है, दरअसल सारा खेल मेज के अंडर है। ये आपस में मिल-बांटकर खाने की नूरा कुश्ती है, जिसमें भाजपा सरकार पैसा खाकर चुपचाप बैठे अंपायर की तरह आंख-मुंह पर ताला लगाये बैठी है। आपस में टेंडर बांटने का तरीका ये है कि कहीं पर तुम कम तो कहीं हम; पर टेंडर निकले अपना हर दम। मतलब ऊपर-ऊपर तो दिखावटी लड़ाई; अंदर मिलकर दोनों काटें मलाई।’
इससे पहले अखिलेश यादव ने अयोध्या में सरयू नदी के घाटों पर दीयों से बचा हुआ तेल इकट्ठा करने को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने योगी सरकार पर आरोप लगाया कि गरीबों को तेल बटोरने के लिए अपमान और उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा है।
अखिलेश ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर दो वीडियो शेयर किए, जिनमें कुछ लोग सरयू घाट पर डंडे लेकर दूसरों को दीयों से तेल इकट्ठा करने से रोकते और कथित तौर पर उनकी पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं। सपा प्रमुख ने पोस्ट में कहा, ‘कुछ महीनों बाद हम अपनी ‘पीडीए सरकार’ बनाकर राशन में सरसों का तेल देने का काम करेंगे, जिससे किसी शोषित, वंचित और गरीब को इन भाजपाइयों से बेंत खाकर बेइज्जती न सहनी पड़े।’ उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने अयोध्या में नारी वंदन के नाम पर हिंसक दृश्य पेश किया है। साथ ही महिला आयोग से आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।