मथुरा में 22 से 35 साल के लड़कों की खतरनाक गैंग का पर्दाफाश, 6 शातिर गिरफ्तार

– मुठभेड़ में 2 शातिरों के पैर में लगी गोली, 4 दबोचे गए, कब्जे से 4 तमंचे, 10 कारतूस और पाइप-सरिया जैसे खौफनाक हथियार बरामद, दीपावली से पहले टली बड़ी वारदात
(मथुरा)(ए. के. शर्मा) दीपावली से ठीक पहले मथुरा को दहलाने की तैयारी थी। प्लान था रोडवेज बस अड्डे के पास लूट और डकैती का, लेकिन हाईवे पुलिस की मुस्तैदी ने इस प्लान को सुबह होने से पहले ही खून में मिला दिया। ये कोई पुराने अपराधी नहीं, बल्कि 22 से 35 साल के 6 युवा लड़के हैं। सभी एक ही थाना क्षेत्र हाईवे के रहने वाले। नाम है नीरज (35), सौरभ (26), सचिन (23), अजीत (22), गोपाल (24) और अनुराग (23)। पुलिस को शक है कि ये गैंग पिछले कई दिनों से शहर में रेकी कर रही थी और त्योहार की भीड़ का फायदा उठाकर बड़ी वारदात को अंजाम देना चाहती थी।

मुखबिर ने गुरु कृपा संगम के सामने सुनसान रास्ते की लोकेशन दी। पुलिस ने रात में ही जाल बिछाया। सुबह 04:45 बजे जैसे ही गैंग के 6 लड़कों ने हथियार निकालकर योजना बनानी शुरू की, पुलिस ने घेर लिया। खुद को घिरा देख बदमाशों ने पुलिस पर सीधा फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायर किया। इसमें गैंग का सरगना माना जा रहा नीरज और उसका साथी सौरभ गोली लगते ही जमीन पर गिर पड़े। दोनों के दाहिने पैर में गोली लगी। बाकी चार सचिन, अजीत, गोपाल और अनुराग को पुलिस ने दौड़ाकर दबोच लिया। पुलिस ये देखकर दंग रह गई कि इन लड़कों के पास 4 देशी तमंचे (.315 और .303 बोर), 8 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, और साथ में नुकीला सरिया, लोहे का पाइप और एंगल भी था। यानी ये गोली के साथ-साथ मारपीट और तोड़फोड़ के लिए भी पूरी तरह तैयार थे।

त्योहार पर हुड़दंग करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा : एसपी सिटी

थाना हाईवे में 6 बदमाशों की गिरफ्तारी और मुठभेड़ में 2 के घायल होने के मामले में पुलिस अधीक्षक नगर, राजीव कुमार ने बताय कि थाना हाईवे पुलिस टीम द्वारा डकैती की योजना बनाने वाले 06 अभियुक्तों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान 02 अभियुक्त गोली लगने से घायल हुए हैं। एसपी सिटी ने साफ कहा कि मथुरा में त्योहार के दौरान किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है।

गैंग से पूछताछ में कई और बड़े खुलासे : सीओ रिफाइनरी

सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने कहा कि “घायल बदमाशों को जिला अस्पताल भेजा गया है। गैंग से पूछताछ में कई और बड़े खुलासे हो सकते हैं। मथुरा पुलिस त्योहार पर पूरी तरह अलर्ट है।”

0Shares

More From Author

यूपी विधान परिषद चुनाव में 55.24 फीसदी वोटिंग, 27 अक्टूबर को आएगा फैसला

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *