जयपुर की पैरा निशानेबाज मोना अग्रवाल ने एशियन पैरा गेम्स 2026 में इतिहास रच दिया। मोना अग्रवाल ने आइची-नागोया में शुक्रवार 23 अक्टूबर 2026 विश्व रिकॉर्ड तोड़कर स्वर्ण पदक जीता। मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस एसएच1 स्पर्धा में यह बड़ी उपलब्धि हासिल की।
जयपुर में 11 अगस्त 1987 को जन्मीं मोना अग्रवाल का एशियन पैरा गेम्स 2026 में यह दूसरा गोल्ड मेडल है। इससे पहले उन्होंने महिला 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग SH1 में गोल्ड मेडल जीता था। तब उन्होंने गेम्स रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया था।
मोना अग्रवाल इससे पहले पेरिस पैरालंपिक 2024 में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्टैंडिंग एसएच1 स्पर्धा में भी कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ा चुकी हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार शानदार प्रदर्शन करने वाली मोना अग्रवाल ने अपनी इस नई उपलब्धि से फिर भारतीय पैरा निशानेबाजी को गौरवान्वित किया है।
मोना अग्रवाल ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजिशंस के फाइनल में 357.5 अंक हासिल किए। मोना अग्रवाल ने इस प्रदर्शन के साथ विश्व रिकॉर्ड के अलावा एशियन पैरा गेम्स का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। चीन की कुइपिंग झांग 353.7 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रहीं, जबकि दक्षिण कोरिया की म्योंग किम ने 344.4 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता।
भारत की एक अन्य निशानेबाज अवनि लेखरा 333.2 अंकों के साथ चौथे स्थान पर रहीं। मोना अग्रवाल एशियन पैरा गेम्स में इस स्पर्धा का पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज भी बनीं। उनके प्रदर्शन ने भारतीय पैरा शूटिंग के लिए एक नया अध्याय जोड़ दिया है।
