उत्तर प्रदेश में बीते दो विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने जीत दर्ज की है। इससे पहले राज्य में सपा और बसपा में सरकार बना चुके हैं लेकिन सूबे में कुछ सीटें ऐसी हैं, जहां ये तीनों दल आज तक चुनाव नहीं जीत पाए हैं। इन्हीं सीटों में से एक है यूपी वेस्ट की छपरौली विधानसभा सीट।छपरौली को राष्ट्रीय लोकदल का गढ़ माना जाता है। छपरौली विधानसभा सीट के अस्तित्व में आने के बाद से लेकर आज तक, यहां ‘चौधरी परिवार’ का दबदबा ही देखने को मिला है। बीते दो विधानसभा चुनावों में जब पूरे यूपी में भगवा लहर चली, तब भी यहां राष्ट्रीय लोकदल के सिंबल पर लड़े प्रत्याशी ने जीत दर्ज की।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 में छपरौली विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय लोकदल के अजय कुमार ने जीत दर्ज की। यह चुनाव रालोद और सपा मिलकर लड़े थे। इस चुनाव में रालोद प्रत्याशी को 1,11,880 वोट मिले जबकि बीजेपी के सहेंद्र सिंह रमाला को 82,372 वोट हासिल हुए। यहां तीसरे नंबर पर बसपा के प्रत्याशी रहे लेकिन उन्हें सिर्फ 9,774 वोट प्राप्त हुए।
