डॉ. अतुल कृष्ण, प्रो. डॉ. देश दीपक और डॉ. मनमोहन गुप्ता ने दी बधाई, कहा—ईशा की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए बनेगी प्रेरणा

देहरादून, 29 अगस्त। रास बिहारी बोस सुभारती विश्वविद्यालय, देहरादून के शिक्षा संकाय की एम.ए. (शिक्षा) की छात्रा सुश्री ईशा कुल्हान ने UGC-NET परीक्षा उत्तीर्ण कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। शिक्षकों और सहपाठियों ने ईशा को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सुभारती शिक्षा समूह के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अतुल कृष्ण ने ईशा कुल्हान को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियां किसी भी शिक्षण संस्थान की सबसे बड़ी पूंजी होती हैं। उन्होंने कहा कि सुभारती परिवार विद्यार्थियों को शिक्षा, शोध और ज्ञान के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करता है। ईशा की सफलता निश्चित रूप से अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर डॉ. देश दीपक ने कहा कि UGC-NET जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण करना विद्यार्थी की मेहनत, विषय के प्रति गंभीरता और शैक्षणिक प्रतिबद्धता का परिचायक है। उन्होंने ईशा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि वह उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में आगे भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करेंगी।

डीन एकेडेमिक्स एवं शिक्षा संकाय के अध्यक्ष डॉ. मनमोहन गुप्ता ने कहा कि ईशा कुल्हान की सफलता उनके निरंतर परिश्रम और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने शिक्षा संकाय के शिक्षकों एवं ईशा के परिवार को भी बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे संकाय के लिए गौरव का विषय है।

विश्वविद्यालय परिवार ने ईशा कुल्हान को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं शोध उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने के लिए संस्थान निरंतर प्रयासरत है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *