यूपी के उन्नाव में लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के महज 12 दिन बाद सड़क धंसने का मामला सामने आया है। उन्नाव के कोरारी क्षेत्र के पास कानपुर से लखनऊ जाने वाली लेन में करीब 5 से 7 मीटर तक सड़क का हिस्सा धंस गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद परियोजना की निर्माण गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। समाजवादी पार्टी के नेता मधुसूदन यादव ने सड़क धंसने का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य पर गंभीर सवाल उठाए।

सपा नेता ने वीडियो जारी कर उठाए सवाल

उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना में उद्घाटन के कुछ ही दिनों बाद सड़क का धंसना निर्माण गुणवत्ता पर प्रश्नचिह्न लगाता है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने और जिम्मेदार एजेंसियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। जानकारी के मुताबिक लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने से यह स्थिति पैदा हुई हो सकती है।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इतनी नई परियोजना में इस तरह की समस्या सामने आना गंभीर मामला है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि तकनीकी जांच में सड़क धंसने की वास्तविक वजह क्या सामने आती है और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

4200 करोड़ की लागत से बना है एक्सप्रेस वे

आपको बता दें 13 जुलाई को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने 4200 करोड़ रुपए की लागत से बने 63 किमी लंबे कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे (NE 6) का उद्घाटन किया था। इसके चालू होने से दोनों शहरों के बीच का सफर 3 घंटे से घटकर मात्र 40 मिनट रह जाएगा। इस मार्ग पर अधिकतम गति सीमा 120 किमी/घंटा तय की गई है। मार्ग पर सिर्फ कार, वैन और अन्य चारपहिया वाहनों को ही चलने की अनुमति है, जबकि दोपहिया वाहन इस पर नहीं चल सकेंगे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *