
प्रयागराज। कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर सिविल डिफेंस प्रयागराज द्वारा अमर वीरों के सम्मान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फील्ड मार्शल के. एम. करियप्पा की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर देश के वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया।
कार्यक्रम में डिप्टी कंट्रोलर नीरज मिश्रा, सीनियर एडीसी राकेश तिवारी, चीफ ऑफिसर अनिल गुप्ता, डिविजनल वार्डन रौनक गुप्ता, मनी मेहरा, सुनील गुप्ता, फायर फाइटर नितीश शुक्ल सहित विभिन्न प्रखंडों के वार्डन एवं स्वयंसेवकों ने सहभागिता करते हुए वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का ऋण कभी नहीं चुकाया जा सकता। उनका बलिदान प्रत्येक भारतीय को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प लेते हुए भारत माता के अमर वीर सपूतों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।
