संसद का मानसून सत्र चल रहा है और नीट पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है। बीते दिनों सदन स्थगित रहा और आज फिर इसकी कार्यवाही को कल तक के लिए स्थगित कर दिया गया। इन सब के बीच लोकसभा में समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल के बीच तीखी बहस देखने को मिली।

दरअसल, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव इस बात से नाराज थे कि उन्हें NEET-UG पेपर लीक और 20 जुलाई को युवाओं के विरोध-प्रदर्शन पर हुई कार्रवाई के बारे में बोलने नहीं दिया गया। लोकसभा स्पीकर द्वारा कांग्रेस के केसी वेणुगोपाल और केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू को बोलने की इजाजत दिए जाने के बाद अखिलेश ने सवाल उठाया कि क्या सरकार और कांग्रेस के बीच कोई समझौता हो गया है।

बुधवार को जब लोकसभा की कार्यवाही शुरू हुई तो विपक्ष ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और NEET पेपर लीक पर चर्चा की मांग को लेकर हंगामा किया। कार्यवाही स्थगित होने के बावजूद विपक्ष के पीछे न हटने पर स्पीकर ओम बिरला ने बीजेपी और कांग्रेस के सदस्यों को बोलने की अनुमति दी।

इस हंगामे के बीच अखिलेश बीच-बचाव करने के लिए तेजी से खड़े हुए। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि यह मुद्दा समाजवादी पार्टी, कांग्रेस या बीजेपी का नहीं है बल्कि छात्रों और युवाओं से जुड़ा है।

इसके बाद गुस्से में अखिलेश ने कहा, “आपने उन्हें (कांग्रेस) और उन्हें (बीजेपी) बोलने का मौका दिया। हमारा क्या? क्या सरकार ने कोई डील की है? क्या आपकी कोई आपसी समझ बनी है?” शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए अखिलेश ने चेतावनी दी कि अगर छात्रों की चिंताओं को नजरअंदाज किया जाता रहा तो वे फिर से सड़कों पर उतरेंगे।

वहीं, कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल सपा प्रमुख अखिलेश यादव की इस टिप्पणी से नाराज दिखे। सदन स्थगित होते ही उनका सामना अखिलेश से हुआ तो उन्होंने अपनी नाराजगी जताई। इस पर अखिलेश ने कहा कि इस्तीफे तो बाद में भी दिए जा सकते हैं लेकिन पहले हम छात्रों पर की गई बर्बरता पर सरकार से जवाब चाहते हैं।

अखिलेश ने कहा, “क्या वे (पीएम मोदी) देश के युवाओं के लिए संसद में बयान नहीं दे सकते? अगर वे बाहर बोल सकते हैं तो संसद के अंदर क्यों नहीं?”

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *