उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को बिजनौर दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। करीब एक हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में उन्होंने कानून-व्यवस्था, गन्ना किसानों और धार्मिक आयोजनों को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को दंगा, गुंडागर्दी और माफिया वाला उत्तर प्रदेश चाहिए था, लेकिन उनकी सरकार ने प्रदेश को अपराध, दंगा, कर्फ्यू और माफिया से मुक्त बनाने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, “जिन लोगों को दंगा युक्त, गुंडा युक्त, अपराध और माफिया से युक्त बिजनौर चाहिए था, वे समाज को बांटने वाले लोग हैं। उन्हें जिन्ना पसंद हैं, लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है। इसलिए हमारी सरकार ने गन्ना किसानों के हित में गन्ने का मूल्य भी बढ़ाया है।”
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारें अपराधियों पर नियंत्रण करने में खुद को असमर्थ बताती थीं। इसी वजह से कांवड़ यात्रा, जन्माष्टमी, श्रीराम नवमी की शोभायात्रा और दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों पर रोक लगा दी जाती थी। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है, इसलिए कांवड़ यात्रा सहित सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और पूरे उत्साह के साथ संपन्न हो रहे हैं। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके लिए बिजनौर अपशकुन था, क्योंकि वे स्वयं अपशकुन थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग योगेंद्र नाथ मंडल की तरह काम करते हुए दलित समाज को हिंदू समाज से लड़ाने का प्रयास कर रहे हैं।
अपने संबोधन के दौरान योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर के साहित्यकारों, वैज्ञानिकों और समाजसेवियों का उल्लेख कर जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत की चर्चा की। उन्होंने मंच से मौजूद जनप्रतिनिधियों का नाम लेकर उनके क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों की भी सराहना की। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने करीब एक हजार करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुरक्षा और सुशासन के एजेंडे पर लगातार काम कर रही है तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाकर निवेश और विकास का बेहतर माहौल तैयार किया गया है।
उन्होने कहा कि गन्ने की खेती के लिए प्रसिद्ध बिजनौर आज तेजी से विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। जिले में हाईवे, रेलवे, मेडिकल कॉलेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं और गन्ना किसानों को समय पर भुगतान भी मिल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन्हें बिजनौर का विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें जिले की बदलती तस्वीर देखने की जरूरत है। इस दौरान उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि जरूरत पड़े तो बिजनौर का चर्चित तेंदुआ भी दिखा दीजिए, शायद तब उन्हें यहां का विकास नजर आए।
