‘ऑपरेशन टाइगर’ के तहत उद्धव ठाकरे गुट के 6 लोकसभा सांसदों के एकनाथ शिंदे गुट में शामिल होने से जो सियासी तूफान उठा था, उसमें अब राम मंदिर विवाद की भी एंट्री हो गई है। शिवसेना (यूबीटी) के फायरब्रांड नेता संजय राउत ने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उनके गुट पर अब तक का सबसे बड़ा और सनसनीखेज आरोप लगाया है। राउत का सीधा दावा है कि सांसदों को खरीदने के लिए राम मंदिर के चढ़ावे के लूटे गए पैसों का इस्तेमाल किया गया है।
शुक्रवार को मीडिया से बात करते हुए संजय राउत ने कहा, “आप मंदिर की दानपेटी ही चुराते हो। लाखों-करोड़ों रुपया चुराते हो और वह पैसा राजनीति में आता है। राम मंदिर के जो 2000 करोड़ रुपये आप लोगों ने चोरी किए हैं, उसी पैसे से आपने हमारे सांसद तोड़े।” उद्धव गुट से शिंदे गुट में गए 6 सांसदों के बारे में राउत ने दावा किया कि इन 6 सांसदों को जो 50-50 करोड़ रुपये दिए गए हैं, वह राम मंदिर की दानपेटी का ही पैसा है। राउत ने दावा किया कि सिर्फ शिवसेना ही नहीं, बल्कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के जो सांसद तोड़े गए हैं, उनके लिए भी इसी पैसे का इस्तेमाल हुआ है।
अयोध्या राम मंदिर चंदे में कथित हेराफेरी के मामले में 8 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। इस प्रतिक्रिया देते हुए संजय राउत ने कहा, “मुख्य आरोपी अभी भी ट्रस्ट में काम कर रहे हैं। जो लोग खुद को ‘हिंदुत्ववादी’ मानते हैं, वे मंदिर से करोड़ों रुपये चुराते हैं और यह पैसा राजनीति में जाता है, जहां इसका इस्तेमाल सांसदों को खरीदने और राजनीतिक पार्टियों को तोड़ने के लिए किया जाता है। आपने राम मंदिर से चुराए गए 2000 करोड़ रुपये का इस्तेमाल TMC और शिवसेना (UBT) के सांसदों को तोड़ने के लिए किया।”
राउत ने आरोप लगाया कि राम मंदिर से 2000 करोड़ रुपये की चोरी हुई है और इसी लूटे हुए पैसे को राजनीति में लगाया गया है। उन्होंने दावा किया कि शिवसेना (यूबीटी) के जो 6 सांसद हाल ही में शिंदे गुट में शामिल हुए हैं, उन्हें राम मंदिर के इसी चोरी के पैसे से 50-50 करोड़ रुपये दिए गए हैं। शिंदे पर हमला बोलते हुए राउत ने कहा कि “राम मंदिर की दानपेटी यहीं उनके पास आई होगी, क्योंकि वो वहां (मंदिर में) चोरी का माल बहुत दान देता था, तो वही पैसा वापस आ गया।” शिंदे पर कटाक्ष करते हुए राउत ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि कल को शिंदे यह भी कह सकते हैं कि उन्होंने देवेंद्र फडणवीस को तोड़ लिया है, या अमित शाह को 500 करोड़ में खरीद लिया है। पागल हैं ये लोग।
