भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने गुरुवार को अपनी टीम की घोषणा की। लंबे समय से पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, संगठन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ गहन मंथन के बाद चौधरी ने भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई की घोषणा की। नई लिस्ट में 19 उपाध्यक्ष और आठ महामंत्री हैं।

लंबी प्रतीक्षा, भारी फेरबदल और कांट छांट के बाद भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की हरी झंडी मिलने के बाद पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की सूची जारी कर दी। इसमें युवा चेहरों और अनुवभी नेताओं को मौका दिया गया है। भाजपा उत्तर प्रदेश ने गुरुवार को नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा की। प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उत्तर प्रदेश इकाई के पदाधिकारियों की सूची जारी की।

इसमें पूर्व मंत्री सुरेश सिंह राणा समेत 19 नेताओं को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया। रामप्रताप सिंह चौहान, गीता शाक्य और अभिजात मिश्रा को महामंत्री की जिम्मेदारी मिली। संजय राय, शंकर लोधी, दिलीप पटेल और राजेश चौधरी भी महामंत्री बनाए गए। प्रदेश संगठन में कई नए चेहरों को मंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। छह क्षेत्रों के लिए नए क्षेत्रीय अध्यक्षों की भी घोषणा हुई। पश्चिम क्षेत्र की कमान नबाब सिंह नागर और अवध क्षेत्र की जिम्मेदारी अवधेश द्विवेदी को मिली। दिनेश प्रताप सिंह को मुख्य प्रवक्ता, मनीष दीक्षित को मीडिया संयोजक बनाया गया। युवा मोर्चा की कमान रोहित मिश्रा और महिला मोर्चा की जिम्मेदारी सरोज कुशवाह को सौंपी गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे नीरज सिंह को उपाध्यक्ष बनाया गया। राजनाथ के बड़े बेटे पंकज सिंह नोएडा से विधायक हैं।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *