जवाहर लाल नेहरू का सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का रिकार्ड तोड़ने पर सीएम मोदी ने पीएम मोदी को बधाई दी है। सीएम योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘एक्स’ पर लिखा कि 145 करोड़ भारतवासियों की सेवा, सुरक्षा और समृद्धि के लिए सतत समर्पित, अमृतकाल के सारथी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास में सबसे लंबी अवधि तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने वाले जननेता बनने पर हार्दिक बधाई। भारतीय लोकतंत्र का यह अभूतपूर्व कीर्तिमान संपूर्ण देशवासियों के विश्वास, स्नेह और आशीर्वाद की सामूहिक अभिव्यक्ति है। वहीं, पूरी भाजपा पीएम मोदी के लिए मंदिरों में पूजा पाठ में जुटी है। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक दिल्ली में सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचे और पूजा-पाठ की।
प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 4399 दिन पूरा कर पीएम मोदी सबसे लंबे समय तक इस पद पर रहने वाले नेता बन गए हैं। इससे पहले जवाहर लाल नेहरू लगातार 4398 दिनों तक प्रधानमंत्री रहे थे। मुख्यमंत्री ने लिखा कि इतिहास में ऐसे अवसर विरले ही दिखते हैं, जब कोई नेतृत्व केवल सरकार का नहीं, बल्कि एक युग की चेतना का प्रतीक बन जाता है। यह सम्मान उसी तप, त्याग, दूरदृष्टि और राष्ट्रनिष्ठा का अभिनंदन है, जिसने करोड़ों देशवासियों को ‘विकसित भारत’ के स्वप्न से जोड़ा है। मुख्यमंत्री ने लिखा कि राष्ट्रसेवा को समर्पित आपकी यह अविराम साधना भारत की प्रगति, प्रतिष्ठा और पराक्रम की नई गाथाएं लिखती रहे, यही मंगलकामना है।
वहीं, उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में कार्यक्रम होंगे। पार्टीजन मंदिरों में पूजा-अर्चना कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की कामना करेंगे। इसे लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने वर्चुअल बैठक भी की थी।
भाजपा में वर्ष 2014 में शुरू हुआ मोदी योगी बदस्तूर जारी है। पार्टी का मानना है कि उनके करिश्माई नेतृत्व ने भाजपा को फर्श से अर्श पर पहुंचा दिया। अभी तक सबसे लंबे समय प्रधानमंत्री रहने का रिकार्ड जवाहर लाल नेहरू के नाम था। मगर नरेंद्र मोदी अब भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में लंबे समय तक निरंतर निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।
पार्टी ने इस विशेष अवसर को धूमधाम से मनाने का फैसला किया है। बुधवार को सभी विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले कार्यक्रम सहित अभियान के तहत होने वाले अन्य आयोजनों की मंगलवार को राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष ने समीक्षा की।
इस वर्चुअल बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह के साथ ही प्रदेश पदाधिकारी और विधायक भी जुड़े। उन्होंने कहा कि हर विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों में आयोजन होंगे। इसमें पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। पार्टी के सभी मंत्री, विधायकों के साथ ही सांसदों को भी शामिल किया गया है।
इसी क्रम में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी बुधवार को सुबह 10.30 बजे लखनऊ के हनुमान सेतु मंदिर में और शाम को काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजन और महाआरती में शामिल होंगे। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह लखनऊ में पूजा-अर्चना में शामिल होंगे।
