रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी को 17 साल लंबे इंतजार के बाद 18वें सीजन में आईपीएल का चैंपियन बनाने वाले रजत पाटीदार का बल्ला आईपीएल 2026 में भी हल्ला बोल रहा है। यही कारण है कि एक 17 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी रजत पाटीदार ने कर ली है, जो अभी तक ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट के नाम दर्ज था। इसके अलावा रजत पाटीदार ने अपनी ही टीम के पूर्व कप्तान और साउथ अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज फाफ डुप्लेसिस को पीछे छोड़ दिया है।

रजत पाटीदार के बल्ले से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मेजबान मुंबई इंडियंस के खिलाफ आईपीएल 2026 के 20वें लीग मैच में कोहराम देखने को मिला। रजत पाटीदार ने महज 17 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया। आईपीएल 2026 में ये चौथा सबसे तेज अर्धशतक था। इसी के साथ रजत पाटीदार ने एडम गिलक्रिस्ट के 17 साल पुराने रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। एडम गिलक्रिस्ट ने डेक्कन चार्जर्स हैदराबाद के लिए खेलते हुए 17 गेंदों में 2009 में दिल्ली कैपिटल्स (जो तब दिल्ली डेयकडेविल्स थी) के खिलाफ अर्धशतक जड़ा था।

दाएं हाथ के बल्लेबाज रजत पाटीदार ने मुंबई के खिलाफ अब 17 गेंदों में ही 2026 में अर्धशतक ठोककर उनकी बराबरी की, जबकि फाफ डुप्लेसिस को पीछे छोड़ा, जिन्होंने आरसीबी के लिए 2024 में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ा था। आपको जानकर हैरानी होगी कि इस सीजन में भी तीन बार 17 से कम गेंदों में अर्धशतक जड़ा जा चुका है। यहां तक कि आईपीएल के इतिहास में एक दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी 17 से कम गेंदों में अर्धशतक जड़ने में सफल हुए हैं, लेकिन कोई भी कप्तान इतनी कम गेंदों में अर्धशतक नहीं जड़ पाया है।

रजत पाटीदार ने 20 गेंदों में 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से मुंबई इंडियंस के खिलाफ 53 रनों की पारी खेली। उनकी इसी पारी की बदौलत आरसीबी को 240 तक पहुंचने में मदद मिली। ओपनर फिल साल्ट ने शुरुआत में दमदार खेल दिखाया था और 36 गेंदों में 78 रन उन्होंने बनाए थे, जबकि 38 गेंदों में 50 रनों की पारी दूसरे सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने खेली थी। 16 गेंदों में 34 रन फिनिशर टिम डेविड के बल्ले से आए थे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *