मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थापना दिवस समारोह के दौरान बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सम्मान में कई बड़े और दूरगामी ऐलान किए हैं। गोरखपुर के रामलीला मैदान में आयोजित भव्य समारोह को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने स्पष्ट किया कि उनकी सरकार और संगठन मिलकर बाबा साहेब की विरासत को सहेजने और उसे भव्य रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में जहां-जहां भी बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं स्थापित हैं, वहां सरकार उनके ऊपर ‘छत्र’ लगाने का कार्य करेगी। इसके साथ ही, जिन पार्कों में बाबा साहेब की मूर्तियां लगी हैं, वहां की बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) का निर्माण कराया जाएगा और पूरे पार्क परिसर का सुंदरीकरण किया जाएगा। सीएम ने कहा कि केवल आंबेडकर ही नहीं, बल्कि महर्षि वाल्मीकि की मूर्तियों के आसपास भी सुंदरीकरण का कार्य सरकार प्राथमिकता के आधार पर कराएगी।

आगामी 14 अप्रैल को बाबा साहेब की जयंती के अवसर पर भाजपा ने व्यापक कार्यक्रम तय किए हैं। सीएम योगी ने कहा कि 13 अप्रैल को जयंती की पूर्व संध्या पर प्रदेश के हर बूथ स्तर पर स्थित आंबेडकर प्रतिमाओं और पार्कों में विशेष ‘स्वच्छता अभियान’ चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ता स्वयं झाड़ू थामकर इन स्थलों को स्वच्छ करेंगे।

14 अप्रैल को जयंती के दिन हर मूर्ति पर भाजपा कार्यकर्ता भव्य पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से इस अभियान के दौरान सेल्फी लेने और उसे सोशल मीडिया पर साझा करने का भी आह्वान किया, ताकि जन-जन तक यह संदेश पहुंचे।

स्थापना दिवस से 14 अप्रैल तक के लिए सीएम ने कार्यकर्ताओं को ‘पदयात्रा’ का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि धूप को देखते हुए सुबह या शाम को एक से दो किलोमीटर की पदयात्रा निकालें। इस दौरान ‘डबल इंजन’ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएं। सीएम ने जोर देकर कहा कि जिस तरह गंदगी बीमारी का कारण बनती है, उसी तरह ‘राजनीतिक गंदगी’ राष्ट्र और प्रदेश को बीमार कर देती है, जिसे साफ करना भाजपा कार्यकर्ताओं का दायित्व है।

विपक्ष पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा गुलामी के चिह्नों को स्वीकार नहीं करेगी और विरासत का अपमान कतई बर्दाश्त नहीं होगा। उन्होंने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान को याद करते हुए कहा कि संगठन जितना बड़ा होगा, चुनौतियां उतनी ही ज्यादा होंगी। भारत की प्रगति से जलने वाले दुश्मन दुष्प्रचार और षडयंत्र करेंगे, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता घर-घर जाकर इनका जवाब देंगे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *