भारतीय जनता पार्टी अपना 46वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाएगी। इसके लिए पार्टी बूथ से लेकर जिला और प्रदेश तक तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित करेगी। हर जिले में सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन किया जाएगा। ग्राम चौपालों का आयोजन होगा। सांसद-विधायक सहित पार्टी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे। जनप्रतिनिधि अपने कार्यों के साथ केंद्र और प्रदेश सरकार की उपलब्धियां पहुंचाएंगे। गांव और बस्ती चलो अभियानों के जरिए लोगों तक पहुंचने का प्रयास होगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर गत दिवस प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी व महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने वर्चुअल बैठक की। बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम की पूरी रूपरेखा प्रस्तुत की। पार्टी आगामी पांच, छह और सात अप्रैल को बड़े पैमाने पर कार्यक्रम करेगी। पार्टी के सभी कार्यालयों पर इन तीन दिनों तक सजावट की जाएगी।
हर सांसद और विधायक को तीन से चार गांवों में जाना होगा। प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल ने स्थापना दिवस के कार्यक्रमों को लेकर तैयारी बैठक, उसमें अपेक्षित श्रेणी सहित अन्य तमाम जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिस तरह देश में विकास की राजनीति का आगाज किया है, उसे जन-जन तक पहुंचाना है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि पार्टी का 46वां स्थापना दिवस हम सबको पूरे जोश के साथ मनाना है। इस मौके पर कार्यालयों से लेकर अन्य स्थानों पर पार्टी के झंडे फहराए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा ने विकास की राजनीति का जो मॉडल प्रस्तुत किया है, वो वैश्विक स्तर पर शोध का विषय है।
हर जिले में होंगे सक्रिय कार्यकर्ता सम्मेलन होंगे और ग्रामीण प्रतिभाओं का सम्मान होगा। कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई है। भाजपा ने बुधवार को 5 से 12 अप्रैल तक अपना 46वां स्थापना दिवस भव्य पैमाने पर मनाने का फैसला किया। 5 से 7 अप्रैल तक, पार्टी के पदाधिकारी दफ़्तरों को सजाएंगे और 6 अप्रैल को सभी दफ़्तरों में एक ‘विकास यात्रा’ निकाली जाएगी।
बताया जा रहा है कि स्थापना दिवस कार्यक्रमों को लागू करने के लिए राज्य स्तर पर समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। इसके अलावा, कई जोनों में क्षेत्रवार कार्यक्रम प्रभारियों की भी नियुक्ति की गई है। इस पहल के तहत, पंचायत स्तर और उससे ऊपर के जन प्रतिनिधियों सहित पार्टी कार्यकर्ता, प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के प्रमुख गांवों का दौरा करेंगे ताकि लोगों के साथ संबंधों को मज़बूत किया जा सके।
