विजडम इंडिया।

हर साल की तरह इस साल भी मध्य प्रदेश के सीहोर में स्थित कुबेरेश्वर धाम में रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त शिव महापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा जी के कुबरेश्वर धाम में यह महोत्सव 14 फरवरी से शुरू होगा और 20 फरवरी तक चलेगा। पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक बनाने के उद्देश्य से इस बार कुबेरेश्वर धाम में ‘ग्रीन शिवरात्रि’ मनाई जाएगी। पर्यावरण संरक्षण की थीम पर आयोजित कार्यक्रम में महाशिवरात्रि पर देश-विदेश में एक करोड़ पौधे रोपे जाएंगे। इस कार्यक्रम में सीहोर में 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना जताई जा रही है।

रुद्राक्ष महोत्सव में ये है विशेष व्यवस्था
रुद्राक्ष महोत्सव में आनेवाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने सीहोर के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है। सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत की जा रही है। पूरे परिसर में 256 हाई-टेक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। कुबेरेश्वर धाम से रेलवे स्टेशन तक डेढ़ दर्जन से ज्यादा अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे।
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है कुबेरेश्वर धाम
कुबेरेश्वर धाम में बड़ी संख्या में आनेवाले श्रद्धालुओं के लिए विशाल पक्का पंडाल बनाया गया है। 1 लाख 80 हजार स्क्वायर फीट के इस पंडाल में एक साथ करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु बैठ सकेंगे। कुबेरेश्वर धाम में उन्हें सिर्फ 5 रुपए में 1 लीटर पानी की बोतल मिलेगी। श्रद्धालुओं के भोजन के लिए 10 एकड़ में भोजनशाला तैयार की गई है। श्रद्धालुओं के हर तरह की सुविधा का ध्यान धाम में रखा गया है, ताकि किसी भी भक्त को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *