पटना के गाधी मैदान स्थित बापू सभागार में भोजपुरी लोकगायिका का महात्मा गांधी के प्रिय भजन रघुपति राघव राजा राम… ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम गाने पर विवाद बढ़ गया है। कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया था। कई नेता स्टेज पर चढ़ गए और गायिका से जबरन माफी मंगवाई। इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। कांग्रेस महासचिव और वायनाड सांसद प्रियंका गांधी भड़कीं नजर आईं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपाई दिखाने के लिए बापू पर फूल चढ़ाते हैं। उनसे बापू का प्रिय भजन तक नहीं सुना गया।
दरअसल, पटना के गांधी सभागार में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजन रखा गया था। इस मौके पर भोजपुरी गायिका देवी को बुलाया गया था। उन्होंने स्टेज पर गीत सुनाए। मामला तब तूल पकड़ा, जब देवी ने महात्मा गांधी का भजन गाया। देवी ने गीत सुनाया- रघुपति राघव राजा राम, ईश्वर-अल्लाह तेरो नाम… देवी का गाना सुनकर भाजपा कार्यकर्ता और नेता भड़क गए। उन्होंने देवी को गाना गाने से रोक दिया। कई नेता स्टेज पर आ गए और जय श्रीराम के नारे लगाने लगे। देवी इस दौरान काफी असहज नजर आईं। कार्यकर्ताओं ने देवी से माफी मांगने की मांग की।
प्रियंका गांधी भड़कीं
इस मामले पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी काफी नाराज नजर आईं। उन्होंने घटनाक्रम का वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “बापू का प्रिय भजन गाने पर भाजपा नेताओं ने लोकगायिका देवी जी को माफी मांगने पर मजबूर किया। “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम” उनसे नहीं सुना गया। दुनिया को दिखाने के लिए बापू को फूल चढ़ाते हैं लेकिन असल में उनके प्रति कोई आदर नहीं है। दिखावे के लिए बाबासाहेब अंबेडकर का नाम लेते हैं, लेकिन असल में उनका अपमान करते हैं। भाजपा को हमारी सहिष्णु और समावेशी संस्कृति-परंपरा से इतनी नफरत है कि वे हमारे महापुरुषों को बार-बार अपमानित करते हैं।”
गायिका क्या बोलीं
मजबूरी में देवी को माफी मांगनी पड़ी। उन्होंने कहा कि अगर मैंने किसी की भावना को आहत किया है तो क्षमा चाहती हूं। इसके बाद वे कार्यक्रम से चलीं गईं। उन्होंने बाद में मीडिया से कहा कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है। हिंदू धर्म सबसे बड़ा है,जो सभी धर्मों को अपने में समाहित करता है।
