संगम नगरी के परेड ग्राउंड में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कहा कि 2019 का कुंभ स्वच्छ और दिव्य हुआ था। उससे प्रेरणा लेकर महाकुंभ को अद्भुत कराया जाएगा।
13 जनवरी से 26 फरवरी तक छह महत्वपूर्ण स्नान होंगे। सबमें उत्कृष्ट तैयारी की जाएगी। इसके लिए महाकुंभ को लेकर भूभाग बढ़ाया गया है। पार्किंग, पांटून पुल, फ्लाईओवर बनाए जा रहे हैं। गंगा में कोई गंदगी न जाने पाए, इसके लिए नालों को टेप किया गया है। संतों और श्रद्धालुओं को गंगा का पवित्र जल उपलब्ध कराया जाएगा। महाकुंभ के अपने सांस्कृतिक कार्यक्रम को विराट स्वरूप में दुनिया के सामने प्रस्तुत करना है।
मुख्यमंत्री ने गिरिधर मालवीय को अर्पित की श्रद्धांजलि
इसके अलावा सीएम योगी ने बीएचयू के कुलाधिपति रहे न्यायमूर्ति गिरिधर मालवीय को श्रद्धांजलि अर्पित की। जार्ज टाउन स्थित गिरिधर मालवीय के निवास पर जाकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। उनके पुत्र मनोज मालवीय और पत्नी कांता मालवीय से वार्ता की।
कुछ दिन पहले न्यायमूर्ति गिरिधर का हुआ था निधन
न्यायमूर्ति गिरिधर के जीवन और उनके शिक्षा, न्याय व गंगा की निर्मलता को लेकर दिए गए योगदान को याद किया। भारत रत्न महामना मदन मोहन मालवीय के पौत्र न्यायमूर्ति गिरिधर का निधन कुछ दिनों पहले हुआ था। इस दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य भी मौजूद रहे।
इलाहाबाद विवि. के दीक्षांत समारोह में पहुंचे सीएम
इसके पहले सीएम योगी ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय के 136वें दीक्षा समारोह में शिरकत की। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि संविधान की मूल प्रति में कहीं भी पंथनिरपेक्ष या समाजवाद का उल्लेख नहीं है। यह दो शब्द तब जोड़े गए जब देश में संसद भंग थी और न्यायपालिका के अधिकार कुंद कर दिए गए थे। जिन लोगों ने संविधान का गला घोटने का काम किया था, वह संविधान को बचाने का ठेका लेकर ढिंढोरा पीट रहे हैं।
