October 17, 2026

Bihar Crime: तस्करी का बदला ट्रेंड! महिलाएं शराब के बाद अवैध हथियार सप्लाई के दलदल में फंस रहीं, पुलिस के लिए चुनौती

0
bihar_hatiyar_-sixteen_nine

 बिहार के मुंगेर (Munger News) जिले में शराब की तस्करी में आए दिन महिलाएं पकड़ी जाती हैं। अब हथियार तस्कर भी महिलाओं को इस दलदल में उतार रहे हैं।

20 अगस्त की रात मुंगेर पुलिस ने दंपती को 10 पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसे पिस्टल की डिलीवरी करने के लिए हथियार तस्कर 5000 रुपये देते हैं।

पुलिस का कहना है कि पहले शराब मामले में महिलाओं की संलिप्तता सामने आती थी। अमूमन महिलाओं को लेकर पुलिस का सॉफ्ट कॉर्नर होता है। इनकी जांच नहीं होती है।

पुलिस की नजर पर पुरुष ही होते हैं। इसका फायदा हथियार तस्कर उठा रहे हैं। बीते तीन वर्षों में भी कई महिलाओं को हथियार की तस्करी में मुंगेर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

सदर डीएसपी राजेश कुमार ने बताया कि 20 अगस्त की रात पकड़ी गई महिला तस्कर ने अहम जानकारियां दी हैं। हथियार तस्करी के मामले में महिला को जेल भेजा गया।

पुलिस मुख्य सरगना मिर्जापुर बरदह निवासी मु. तनवीर उर्फ मंडल तथा जुल्फिकार को तलाश कर रही है।

निर्माण से लेकर तस्करी तक नया ट्रेंड शुरू

अवैध हथियार तस्कर अपने धंधे को चलाने के लिए आए दिन नए-नए तरीके अपना रहे हैं। हथियार तस्करों ने अब अपनी खेप को इधर से उधर पहुंचाने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।

इसकी वजह यह है कि महिलाओं पर पुलिस को जल्दी शक नहीं होता है। बड़े ही आराम से महिलाएं अपने कपड़ों में हथियारों को छिपा लेती हैं।

इस कारण हथियारों की डिलवरी देने में महिलाओं का इस्तेमाल किया जाता है। जरूरतमंद महिलाएं आसानी से इसके लिए तैयार भी हो जाती हैं।

एक दो बार सफल होने के बाद महिलाओं को पैसे कमाने की लत लग जाती है। इसके बाद वह इस धंधे से नहीं निकल पाती हैं।

हथियारों की तस्करी में कुरियर का काम करने वाली महिलाओं को पकड़े जाने पर जमानत कराने की गारंटी दी जाती है।

पुलिस भी मानती है कि हथियार तस्कर पुलिस को चकमा देने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। कई बार अवैध हथियार के साथ महिलाएं गिरफ्तार भी की गई हैं।

केस स्टडी-1

24 जून 2021 को एसटीएफ ने मुंगेर पुलिस के साथ छापेमारी कर संग्रापुर से साधना देवी नामक महिला को 13 पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। महिला के साथ पुरुष तस्कर भी था। पिस्टल के अलावा 13 मैगजीन और 126 जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया था। दोनों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।

केस स्टडी-2

11 जून 2022 को मुफ्फसिल थाना पुलिस ने बरदह गांव से महिला तस्कर को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में महिला तस्कर ने कई जानकारी पुलिस को दी थी। महिला हथियार की डिलीवरी करने जा रही थी, इस बीच पुलिस ने पकड़ा था। महिला पर हथियार तस्करी का केस दर्ज हुआ था।

केस स्टडी-3

12 जुलाई 2022 नया रामनगर की पुलिस ने वाहन जांच के दौरान महिला को चार देसी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। महिला तस्कर कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बिंदवारा शर्मा टोला की बबीता देवी थी। वाहन जांच के दौरान पुलिस ने महिला के थैले की तालाशी ली। तलाशी के क्रम में चार देसी कट्टे बरामद किए गए थे।

केस स्टडी-4

20 अगस्त 2024 को मुफस्सिल थाना की पुलिस वाहन जांच के दौरान एक दंपती को पकड़ा। इसके पास से 10 पिस्टल बरामद हुई। महिला ने पुलिस को बताया कि वह अरसे से इस धंधे में लिप्त है। एक पिस्टल पहुंचाने पर पांच हजार रुपये मिलते हैं। महिला को हथियार तस्करी मामले में पुलिस ने जेल भेजा है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *