यूपी के हाथरस में बड़ा हादसा हुआ है। यहां हो रही भोले बाबा के सत्संग के दौरान मची भगदड़ में 40 महिलाओं समेत 50 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। सौ से ज्यादा लोग गंभीर हैं। अपुष्ट सूत्रों ने मरने वालों की संख्या 75 से ज्यादा बताई है। यहां भोले के प्रवचन के दौरान अचानक से भगदड़ मच गई। इसमें सैकड़ों लोग गिरे तो लोग उन्हें कुचलते हुए निकलने लगे। बेहोश लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया है। 20 श्रद्धालुओं के शव एटा भेजे गए हैं। कई शव हाथरस और अलीगढ़ लाए गए हैं। घायलों को अलीगढ़ व हाथरस में उपचार के लिए भेजा गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हाथरस में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। सीएम योगी ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है साथ ही घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। एडीजी आगरा जोन व कमिश्नर अलीगढ़ को घटना  की जांच का निर्देश मुख्यमंत्री ने दिया है।

बताया जाता है कि हाथरस के सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव फुलराई में भोले बाबा का प्रवचन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान उम्मीद से ज्यादा भीड़ आ गई थी। एक अनुमान के अनुसार करीब 50 हजार लोग पहुंच गए थे। इसी दौरान लोग भीड़ के कारण परेशान होने लगे। भीड़ और गर्मी के कारण लोग बेहोश होने लगे तो भगदड़ मच गई। इसमें लोग जमीन पर गिरे तो उन्हें कुचलते हुए अन्य लोग निकलने लगे। सूचना पर पहुंचा पुलिस और प्रशासन ने सैकड़ों गंभीर लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *