मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 29 अगस्त को नगर निगम की 117.14 करोड़ रुपये की 139 विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। योगी 47.15 करोड़ रुपये की 109 नई परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। वहीं, 69.99 करोड़ रुपये की पूरी हो चुकी 30 परियोजनाओं का लोकार्पण करेंगे।

मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित एवं शिलान्यास होने वाली परियोजनाओं में सड़क और नाली निर्माण से लेकर पार्कों का सुंदरीकरण, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सीवर और जलभराव से राहत के काम शामिल हैं। उधर, राप्तीनगर मौजा बशारतपुर में प्रस्तावित समारोह की तैयारियां गोरखपुर प्राधिकरण ने तेज कर दी हैं।

लोकार्पण होने वाले 30 कार्यों पर 69.99 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। इनमें सबसे बड़ा हिस्सा पेयजल परियोजनाओं का है। राज्य सेक्टर कार्यक्रम के तहत 39.90 करोड़ रुपये से विभिन्न वार्डों में पाइपलाइन विस्तार, नलकूप स्थापना और इंडिया मार्क-2 हैंडपंपों की रीबोरिंग के 29 कार्य पूरे किए गए हैं। बाढ़ और जलभराव से राहत के लिए 30.09 करोड़ रुपये से राज्य आपदा न्यूनीकरण निधि से बाढ़ पंपिंग स्टेशनों की क्षमता बढ़ाने और उन्हें सुदृढ़ कराया है।

शिलान्यास वाली परियोजनाओं में 7.60 करोड़ रुपये से 47 पार्कों का सुंदरीकरण कराया जाएगा। वहीं, 11.92 करोड़ रुपये से 41 सीसी सड़कों एवं नालियों का निर्माण होगा। इस कड़ी में पथ प्रकाश व्यवस्था मजबूत करने के लिए 5.57 करोड़ रुपये से 7 कार्य होंगे। वार्ड संख्या 66 नेताजी सुभाष चंद्र बोस नगर में अधिकारियों के लिए 5.07 करोड़ रुपये से आवासीय भवन बनेगा। वहीं, पेयजल और जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए 16.99 करोड़ रुपये के 13 परियोजनाएं शुरू होंगी।

मुख्यमंत्री इस दिन शहर विकास निधि से वार्ड नंबर-80 राप्तीनगर, मौजा बशारतपुर में 3.10 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 300 व्यक्तियों की क्षमता वाले दो मंजिला कन्वेंशन सेंटर (कल्याण मंडपम) का लोकार्पण करेंगे। गोरखपुर विकास प्राधिकरण ने मंडपम की बुकिंग दर तय कर दी है। अंत्योदय परिवारों को आयोजन के लिए महज 11 हजार रुपये, जबकि अन्य लोगों को 21 हजार रुपये शुल्क देना होगा। बुकिंग पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर की जाएगी। महानगर में अब तक खोराबार, सूरजकुंड, मानबेला, टोला पीरू शहीद, बिछिया जंगल तुलसीराम और जंगल बेनी माधव में छह कल्याण मंडपम का लोकार्पण हो चुका है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *