यूपी के कुछ इलाकों में बिना अलर्ट बुधवार को झमाझम बारिश हुई। दोपहर से शाम तक कई बार हुई बारिश से शहरों की सड़कें डूब गईं। इससे गर्मी और उमस से राहत तो मिली लेकिन जगह-जगह लंबे जाम का झाम झेलना पड़ा। गुरुवार को भी इसी तरह का मौसम रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन भारी बारिश के आसार हैं। 20 और 21 अगस्त को यूपी के कई इलाकों में भारी बारिस होनी है।
तीन दिनों से यूपी में गर्मी के साथ भीषण उमस भरा मौसम रहा। दो दिनों से बादल छा रहे थे लेकिन बारिश नहीं देखी गई। बुधवार सुबह से दोपहर तक भी मौसम का यही मिजाज रहा। करीब 2 बजे के बाद अचानक तेज बारिश होने लगी। सबसे ज्यादा बारिश पूर्वी यूपी और उससे सटे इलाकों में हुई। यहां दोपहर में करीब एक घंटे तक बारिश हुई। करीब आधा घंटा के ब्रेक बाद दोबारा बरसात हुई। यह करीब 8 बजे तक चली। पश्चिम में भी कुछ स्थानों पर पाकेट रेन होने की खबर है।
दोपहर में धूप निकलने पर तापमान में कोई खास बदलाव नहीं आया। यह कमोवेश स्थिर ही रहा। अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक होकर 27.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसी तरह आर्द्रता का अधिकतम प्रतिशत 95 दर्ज किया गया। यानि गर्मी बरकरार रही।
प्रयागराज में पिछले तीन दिनों से जमकर बारिश हो रही है। मंगलवार की मध्यरात्रि से एक बार फिर शुरू हुई मूसलाधार बारिश बुधवार को भी जारी रही। मौसम विभाग के आंकड़े के अनुसार बुधवार सुबह 8:30 बजे तक प्रयागराज में 119.8 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। बारा क्षेत्र में सर्वाधिक 99 मिमी बारिश हुई तो फाफामऊ क्षेत्र में 86.8, करछना क्षेत्र में 77 और छतनाग में 73.6 मिमी बारिश हो चुकी थी। हालांकि लगातार बारिश के बावजूद अधिकतम तापमान में 1.4 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई लेकिन दिनभर मौसम सुहाना रहा।
19 अगस्त को अधिकतम पारा 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि 18 अगस्त को अधिकतम पारा 31 डिग्री सेल्सियस था। बुधवार को बारिश के बाद सुबह नौ बजे के करीब थोड़ी देर के लिए धूप निकली। दोपहर दो बजे के लगभग शहर के कई क्षेत्रों में फिर रिमझिम बारिश शुरू हुई। जिसकी वजह से शाम पांच बजे ही अंधेरा छा गया। घरों और सरकारी कार्यालयों में एसी बंद करना पड़ा। देर रात मौसम में हल्का ठंडापन महसूस किया जाता रहा। मौसम विभाग ने 20 व 21 अगस्त को भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना जताई है।
