भाजपा महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की संस्तुति पर 21 सदस्यीय कमेटी की घोषणा कर दी है। चुनिंदा पुराने चेहरों को छोड़कर कमेटी में नए चेहरों को शामिल किया गया है। कमेटी महिला सदस्यों के साथ सिख और सिंधी समुदाय के सदस्य को भी स्थान मिला है। महानगर अध्यक्ष की नई कार्यकारिणी में वरुण चौरसिया, संतोष शुक्ला, पवन यादव, रणविजय शाही, मनीष जैन, रणविजय सिंह मुन्ना, अमृत लाल भारती व श्वेता श्रीवास्तव को उपाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं अच्युतानंद शाही, समरेंदु कुमार सिंह व मनोज अग्रहरी को महामंत्री बनाया गया है।

लंबे इंतजार के बाद बुधवार की रात भाजपा गोरखपुर महानगर इकाई की 22 सदस्यीय नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई। इसी क्रम में सत्यम साहनी, आनंद अग्रहरी, जगनैन सिंह नीटू, उषा चौहान, प्रेमनाथ शुक्ला, निखिल मोटानी व सूरज गुप्ता को मंत्री बनाया गया है। कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी विक्की कुकरेजा और कार्यालय मंत्री की जिम्मेदारी विश्वेश श्रीवास्तव को दी गई है। महानगर में आधा दर्जन ऐसे सदस्यों को स्थान मिला है, जो नगर निगम में मनोनित पार्षद की कतार में थे। लेकिन वहां मिली निराशा के बाद उन्हें महानगर की कमेटी में स्थान मिला है।

महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता ने कमेटी के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि नई कमेटी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी तरह तैयार है। बूथ से लेकर संगठन के कार्यों में कमेटी हर मोर्चा पर बेहतर परिणाम देगी। सभी पदाधिकारी पूरी तन्मयता से लक्ष्य की प्राप्ति तक अथक मेहनत करेंगे। नई टीम में सामाजिक समीकरण को नए सिरे से साधने के साथ संगठनात्मक अनुभव को भी प्राथमिकता दी गई है।

नई कार्यकारिणी में पारंपरिक जातिगत समीकरण को साधने के साथ पंजाबी, सिंधी और मारवाड़ी समाज को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। जातिगत समीकरण देखते हुए दो ब्राह्मणों और राजपूत सदस्यों को स्थान मिला है। कमेटी में पिछड़े वर्ग से अध्यक्ष सहित छह कार्यकर्ताओं को जगह दी गई है।

अनुसूचित वर्ग की हिस्सेदारी एक से बढ़कर दो हुई है। वहीं पंजाबी, सिंधी और मारवाड़ी समाज के लोगों को स्थान देकर भाजपा ने महानगर के कारोबारी और विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच अपनी संगठनात्मक पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया है। महिला प्रतिनिधित्व तीन से घटकर दो हुआ है। कार्यकारिणी में अच्युतानंद शाही को दोबारा महानगर महामंत्री बनाया गया है।

रणविजय सिंह मुन्ना को जिला मंत्री से पदोन्नति कर जिला उपाध्यक्ष बनाया गया है। रणविजय सिंह को जहां उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी मिली है, वहीं मनोज अग्रहरी को महानगर मंत्री से पदोन्नति कर महामंत्री बनाया गया है। किसान मोर्चा के महानगर महामंत्री समरेंदु सिंह को नई टीम में महानगर महामंत्री पद दिया गया है।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *