मां को अंतिम विदाई देते छलक पड़े योगी के आंसू, नमामि गंगे घाट पर राजकीय सम्मान के साथ पंचतत्व में विलीन हुईं सावित्री देवी
धर्म नगरी हरिद्वार से एस पी उपाध्याय कि विशेष रिपोर्ट
छोटे पुत्र महेंद्र ने दी मुखाग्नि, अंतिम दर्शन को उमड़ा राजनीतिक और संत समाज का हुजूम; वीवीआईपी की मौजूदगी के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं संभाली व्यवस्थाओं की कमान

हरिद्वार। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी का शनिवार को धर्मनगरी हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। मां को अंतिम विदाई देने के इस अत्यंत भावुक क्षण में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं को संभाल नहीं सके। मां के पार्थिव शरीर के समक्ष उनकी आंखें नम हो गईं और अश्रुपूरित नेत्रों से उन्होंने अपनी मां को अंतिम प्रणाम किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सबसे छोटे भाई महेंद्र ने मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार की धार्मिक परंपरा पूरी की।
पंचूर गांव से हरिद्वार तक पहुंची अंतिम विदाई की यात्रा
88 वर्षीय सावित्री देवी का पार्थिव शरीर उत्तराखंड के पंचूर गांव से हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट लाया गया। यहां उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ संत-महात्माओं और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी नमामि गंगे घाट पहुंचकर दिवंगत सावित्री देवी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके पश्चात राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
वीवीआईपी की मौजूदगी और उमड़े जनसैलाब के बीच धामी ने स्वयं संभाली कमान
नमामि गंगे घाट पर अंतिम दर्शन के लिए उमड़े जनसैलाब और बड़ी संख्या में वीवीआईपी अतिथियों की मौजूदगी के चलते सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई। घाट पर लोगों की भारी भीड़ के कारण आवागमन प्रभावित होने लगा और पुलिस-प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
ऐसे समय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केवल अधिकारियों को निर्देश देने तक स्वयं को सीमित नहीं रखा, बल्कि मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की कमान अपने हाथों में ले ली। वह स्वयं लोगों के बीच पहुंचकर रास्ता सुचारु कराने, भीड़ को व्यवस्थित करने और श्रद्धांजलि देने पहुंचे लोगों की आवाजाही सुनिश्चित कराने में जुटे दिखाई दिए।
राजनीतिक, धार्मिक और सामाजिक जगत की दिग्गज हस्तियों ने दी श्रद्धांजलि
अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक एवं केशव प्रसाद मौर्य, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, गोरखपुर के सांसद रवि किशन, भाजपा की उत्तराखंड सह-प्रभारी बांसुरी स्वराज, राज्य मंत्री बृजेश सिंह एवं जसवंत सैनी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त योग गुरु बाबा रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, श्रीमहंत रविंद्र पुरी, स्वामी चिदानंद मुनि महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं एवं गणमान्य व्यक्तियों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मां के स्नेह और संस्कारों को नमन
मां का जाना किसी भी संतान के जीवन की सबसे बड़ी भावनात्मक क्षति होती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लिए भी यह क्षण अत्यंत पीड़ादायक रहा। सार्वजनिक जीवन में कठोर अनुशासन और दृढ़ संकल्प के लिए पहचाने जाने वाले योगी आदित्यनाथ का मां के सामने भावुक होना हर उपस्थित व्यक्ति को भावविभोर कर गया।
सावित्री देवी अपने पीछे परिवार के साथ-साथ अपने संस्कारों और स्नेह की अमिट स्मृतियां छोड़ गई हैं।
धर्मनगरी हरिद्वार के पावन गंगा तट पर वैदिक परंपराओं और राजकीय सम्मान के साथ उन्हें अंतिम विदाई दी गई।
ईश्वर दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समस्त शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति! शांति!! शांति!!!