नाबालिग के अपहरण के दोषी अजीत कुमार को 8 वर्ष का कठोर कारावास।
25 हजार रुपये अर्थदंड, अदा न करने पर 2 माह की अतिरिक्त कैद।
जिला संवाददाता – रोहित विश्वकर्मा

सोनभद्र। करीब 6 वर्ष पूर्व 13 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण के मामले में अपर सत्र न्यायाधीश एफटीसी / सीएडब्ल्यू, सोनभद्र बिपिन कुमार तृतीय की अदालत ने बृहस्पतिवार को सुनवाई करते हुए दोषसिद्ध अजीत कुमार को 8 वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई। साथ ही उस पर 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अर्थदंड अदा न करने पर दोषी को 2 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई गई अवधि सजा में समायोजित की जाएगी। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, हाथीनाला थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी पीड़िता के पिता ने 13 नवंबर 2020 को थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी 13 वर्षीय नाबालिग बेटी को 10 नवंबर 2020 की रात करीब 10 बजे अजीत कुमार पुत्र अम्बिका प्रसाद, निवासी ग्राम बेलहत्थी, टोला रानीताली, थाना हाथीनाला, जिला सोनभद्र, बहला – फुसलाकर कहीं भगा ले गया है। उन्होंने बताया कि अजीत कुमार उनकी बेटी से कभी – कभार चोरी – छिपे मोबाइल पर बातचीत करता था। बेटी की काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका पता नहीं चल सका। तहरीर के आधार पर हाथीनाला पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू की। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर विवेचक ने न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने दोनों पक्षों के अधिवक्ताओं के तर्कों को सुना तथा गवाहों के बयान और पत्रावली का अवलोकन किया। इसके बाद दोषसिद्ध पाते हुए अपहरण के दोषी अजीत कुमार को 8 वर्ष के कठोर कारावास एवं 25 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड अदा न करने पर उसे 2 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी। जेल में बिताई गई अवधि सजा में समायोजित की जाएगी। अभियोजन पक्ष की ओर से सरकारी अधिवक्ता सत्यप्रकाश तिवारी ने पैरवी की।