कुंडा में आस्था और सनातन एकता का अनूठा संगम, पाकिस्तानी हिंदू परिवारों के साथ बागेश्वर सरकार और राजा भैया ने किया सामूहिक हनुमान चालीसा हवन

विजडम इंडिया
कुंडा,प्रतापगढ़ (विनोद द्विवेदी – जिला संवाददाता ) उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जनपद के कुंडा में आयोजित श्रीराम कथा के द्वितीय दिवस से पूर्व आस्था, सामाजिक समरसता और सनातन एकता का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। बागेश्वर धाम सरकार एवं जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ‘राजा भैया’ की उपस्थिति में पाकिस्तान से आए हिंदू शरणार्थी परिवारों के साथ सामूहिक हनुमान चालीसा हवन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा, दीप सिंह राणा तथा राजा भैया के विदेश से आए अतिथि भी मौजूद रहे।
धार्मिक अनुष्ठान में पाकिस्तानी हिंदू परिवारों को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानपूर्वक सम्मिलित कराया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत से हुई। सभी परिवारों के सदस्यों को तिलक लगाकर एवं हाथों में कलावा बांधकर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्हें अलग-अलग यज्ञ कुंडों में बैठाया गया। स्वस्तिवाचन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से पूजन-अर्चन संपन्न हुआ।
इसके उपरांत पूज्य बागेश्वर धाम सरकार और राजा भैया की उपस्थिति में सभी परिवारों ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा की चौपाइयों का पाठ किया तथा यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कर बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पाकिस्तान से आए हिंदू परिवारों के लिए यह अवसर बेहद विशेष और यादगार रहा। इतने भव्य स्तर पर सामूहिक धार्मिक अनुष्ठान में सहभागिता और आयोजकों की ओर से मिले सम्मान से उनके चेहरों पर प्रसन्नता और उत्साह दिखाई दिया। सभी परिवारों ने इस आयोजन के लिए राजा भैया के प्रति आभार व्यक्त किया तथा पूज्य बागेश्वर सरकार से आशीर्वाद प्राप्त कर सनातन संस्कृति एवं धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।
कुंडा की पावन धरा पर आयोजित यह सामूहिक हनुमान चालीसा हवन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकजुटता और मानवीय सम्मान का भावपूर्ण संदेश भी दे गया। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि आस्था और सनातन परंपराएं लोगों को जोड़ने का कार्य करती हैं।