
Hapur (UP)
हापुड़। थाना गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में दबंगई दिखाते हुए भैंसा बुग्गी चालक को पिस्टल से फायर कर धमकाने वाले चार युवकों को हापुड़ पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, थार गाड़ी में सवार युवकों द्वारा भैंसा बुग्गी चालक को धमकाने और पिस्टल से फायर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो सामने आते ही हापुड़ पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और मामले में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को नानपुर हाईवे फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण, आर्यन नेहरा, आर्यन उर्फ गुल्लू और राज उर्फ उदय चौधरी के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी मेरठ और एक गाजियाबाद का रहने वाला है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल थार गाड़ी और जोंगा जीप भी बरामद की हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार युवकों का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से मारपीट तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।