मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद के व्यक्तित्व एवं उनसे जुड़ी राजनीतिक स्मृतियों को याद करते हुए कहा कि वे स्वयं भी उनके साथ सांसद रहे हैं। श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी का सैन्य एवं राजनीतिक जीवन अत्यंत सरल, व्यावहारिक और दृढ़ निश्चयी रहा। उन्होंने अपने पूरे जीवन में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को सर्वोच्च स्थान दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह परिवार उनके अपने परिवार की तरह है। सांसद शशांक मणि त्रिपाठी सहित पूरे परिवार के साथ वे इस दुःख की घड़ी में खड़े हैं। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए प्रभु श्रीराम से उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों एवं शुभचिंतकों को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत पूर्व सांसद की धर्मपत्नी शशि त्रिपाठी से भी मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। पूर्व सांसद अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके बड़े पुत्र शशांक मणि त्रिपाठी देवरिया से वर्तमान सांसद हैं। उनके दूसरे पुत्र मृगांक त्रिपाठी तथा एक पुत्री शिप्रा त्रिपाठी हैं। इस दौरान कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रीय राज्यमंत्री कमलेश पासवान, एमएलसी रतनपाल सिंह, , सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, सलेमपुर विधायक एवं राज्य मंत्री विजयलक्ष्मी गौतम, भाटपार रानी विधायक सभाकुंवर कुशवाहा, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया तथा बरहज विधायक दीपक मिश्रा उर्फ शाका मिश्रा, रुद्रपुर विधायक जयप्रकाश निषाद, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह सहित जनपद एवं आसपास के जिलों के अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अंतर्यामी सिंह, राजेश मिश्रा, राजेश सिंह, पवन मिश्रा, अजय राय निवर्तमान जिलाध्यक्ष भाजपा कुशीनगर, विनोद राय, सदस्य जिला कार्यसमिति श्रीनिवास राय सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों ने भी दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित किए। सेना के अधिकारियों एवं जवानों ने राष्ट्रीय ध्वज के साथ पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें सैन्य सम्मान प्रदान किया। इस दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी एवं पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर ने भी पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री के जाने के बाद पूर्व सांसद की पत्नी शशि मणि घर से बाहर निकली। उन्होंने पूर्व सैनिक व अन्य लोगों से मुलाकात की। इसके बाद वह पति को श्रद्धांजलि देने के लिए आगे बढ़ी। जैसे ही पति के चेहरे को उन्होंने देखा वह भावुक हो गई। आँखों से आंसू गिरने लगा। यह देख उनके पुत्र सांसद शशांक मणि, पुत्र मृगांक मणि भी भावुक हो गए। सांसद ने मां को ढांढस बढ़ाया।
सीएम समय से पहले उनके घर पहुंच गए और श्रद्धांजलि देने के बाद वह घर में चले गए। उन्होंने पूर्व सांसद के परिवार लोगों से मुलाकात की। पता चला कि पूर्व सांसद की पत्नी शशि मणि अभी घर नहीं पहुंची हैं। सीएम योगी ने उनके पहुंचने का इंतजार किया और मुलाकात के बाद ही निकले।
देर शाम मुख्यमंत्री के आने की सूचना मिली। जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हो गया। कई जनपद से पुलिसकर्मी बुलाये गए थे। सुरक्षा की कमान एसपी अभिजीत आर शंकर खुद ही संभाल रहे थे। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम रहा।