पूरे देश में जहां एक ओर विपक्ष एसआईआर से वोट चोरी का आरोप लगा रहा है वहीं यूपी में एक अलग ही विवाद खड़ा हो गया है। सीएम योगी लगातार चिंता जता रहे हैं कि यूपी एसआईआर से वोटर लिस्ट में बड़ी संख्या में हिंदू मतदाता घट गए हैं। हाल में इसे लेकर सीएम योगी का बयान सामने आने के बाद सपा मुखिया अखिलेश यादव ने सवाल उठाया था। चूंकि चुनाव आयोग ने एसआईआर का कोई जातीय या धर्मवार आंकड़ा जारी नहीं किया है इसलिए अखिलेश यादव ने यह सवाल पूछा था कि योगी आदित्यनाथ को यह डेटा कैसे मिला। सीएम योगी ने इसके जवाब में कहा कि है एसआईआर के पहले और बाद की मतदाता सूची सबके पास है। उन्होंने यह भी कहा कि अखिलेश यादव यूपी में एसआईआर वापस लेने की मांग नहीं करेंगे। वह इसलिए मांग नहीं करेंगे क्योंकि यूपी के अंदर एसआईआर के पहले जितने मतदाता थे एसआईआर के बाद मुस्लिम मतदाताओं की संख्या में 1.65 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
आज तक चैनल के कार्यक्रम पंचायत में सीएम योगी ने कहा कि जो लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं। इसके दो पहलू हैं। एक-चुनाव जीत गए तो उनका पुरुषार्थ, हार गए तो ईवीएम दोषी है। पहली बार ईवीएम को दोषी ठहराया, दूसरी बार एसआईआर को दोषी ठहराया। बिहार में वोट चोरी, वोट अधिकार यात्रा निकाली गई है। अलग-अलग राज्यों में अलग-अलग प्रकार का प्रोपेगेंडा करके माहौल को खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। ये जो प्रोपेगेंडा है वास्तव में यह सच्चाई नहीं है। यूपी की सच्चाई क्या है? अखिलेश यादव से कहिए न कि एसआईआर वापस लेने की मांग करें। वह मांग नहीं करेंगे इसलिए नहीं करेंगे कि यूपी के अंदर एसआईआर के पहले मुस्लिम मतदाताओं की जितनी संख्या थी उसमें 1.65 प्रतिशत की वृद्धि हो गई और हिंदू मतदाताओं की स्थिति मैंने बताई है कि वे घट गए हैं।