मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उत्तर प्रदेश के युवाओं को सरकारी नौकरी देने के बड़े अभियान के क्रम में शुक्रवार को लखनऊ पुलिस लाइन में 4,543 नवनियुक्त सब-इंस्पेक्टर्स को नियुक्ति पत्र वितरित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इनको नियुक्ति पत्र देने के साथ ही कई सलाह भी दी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सभी नवनियुक्त सब-इंस्पेक्टर स्वयं को एक प्रभावी एवं जिम्मेदार भूमिका के लिए तैयार करें। पुलिस की परंपरागत ट्रेनिंग के साथ-साथ Cyber Security, AI और Drone Technology जैसे क्षेत्रों में भी अत्याधुनिक प्रशिक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। हमने आधुनिक सुविधाओं से युक्त Training Centres तैयार किए हैं। आप सभी इस नई प्रशिक्षण पद्धति के लिए स्वयं को मानसिक रूप से तैयार रखें।
मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस बल में निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के तहत चयनित 4,543 अभ्यर्थियों के नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न विंग्स का हिस्सा बनने वाले 4,543 नव-नियुक्त उपनिरीक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस पूरी चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड को हृदय से धन्यवाद।
उन्होंन के कहा कि दीपावली के तुरंत बाद, भैया दूज के अगले ही दिन राजस्व विभाग के 1,200 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से 42,000 होमगार्ड्स को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,000 कांस्टेबल एवं हेड कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वर्तमान में सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होते ही इन सभी अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे। युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का यह सिलसिला अनवरत जारी रहेगा।