नित्या रमन बनीं लॉस एंजिल्स की मेयर तो ट्रंप को लगी आग, बोले- बेहद शर्मनाक नतीजे
मिडटर्म इलेक्शन में लॉस एंजिल्स से भारत में जन्मीं नित्या रमन जीत गई हैं. लॉस एंजिल्स में हार पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भड़के हैं. उन्होंने कहा हमारे चुनाव बहुत बेइमान हैं.
यूएस में हुए मिडटर्म इलेक्शन में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पार्टी हार गई है. लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन में मेयर पद पर भी रिपब्लिकन पार्टी को हार का सामना करना पड़ा है. लॉस एंजिल्स से भारत में जन्मीं नित्या रमन ने सीट जीती है और वो मेयर बन गई हैं. लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन, DC में हार पर ट्रंप ने रिएक्शन दिया है.
ट्रंप ने व्हाइट हाउस में मीडिया से बातचीत की. उन्होंने लॉस एंजिल्स और वाशिंगटन, DC में मेयर पद के चुनावों में डेमोक्रेटिक सोशलिस्टों की जीत पर कहा, “एक समय ऐसा आएगा जब लोग नाखुश होंगे. तब बदलाव आएगा. लेकिन दुर्भाग्य से अक्सर ऐसा इतनी देर से होता है कि जब कोई शहर, देश या राज्य बहुत ज्यादा बिगड़ जाता है तो आप उसे कभी वापस नहीं ला सकते.”
”हमारे चुनाव इतने बेइमान हैं”
ट्रंप ने आगे कहा, मैंने लॉस एंजिल्स का चुनाव देखा और यह बहुत ही शर्मनाक घटना थी क्योंकि मुझे लगा था कि स्पेंसर प्रैट फाइनल में पहुंचेंगे. बाकी सभी को भी यही लगा था. हमारे चुनाव इतने बेईमान हैं कि आपको अंदाजा भी नहीं है. अगर आप इतिहास को देखें तो यह एक बड़ी तबाही साबित होगी. न्यूयॉर्क के एक बहुत अच्छे सज्जन के साथ मेरा काम चल रहा है; उनके साथ मेरी बहुत अच्छी बनती है। देखते हैं कि आगे क्या होता है। मैं चाहता हूं कि न्यूयॉर्क अच्छा करे, और उम्मीद है कि ऐसा ही होगा.”
मेयर बनने के बाद नित्या रमन का रिएक्शन
मेयर चुने जाने पर नित्या ने अपनी खुशी जाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है. उन्होंने लिखा, लॉस एंजिल्स, आपका अगला मेयर बनना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है. मैंने अभी मेयर बास से बात की. उनके नेतृत्व और दशकों की सेवा के लिए उनका तहे दिल से आभार जताया. उनके बिना लॉस एंजिल्स आज जैसा है, वैसा नहीं होता. मुझे इस शहर से प्यार है. मुझे यहां के लोगों पर भरोसा है. आगे का काम मुश्किल होगा और बदलाव आने में समय लगेगा. लेकिन हम सब मिलकर एक ऐसा भविष्य बनाएंगे, जो हमारे इस शहर की तरह ही शानदार होगा. धन्यवाद, LA। चलिए, काम शुरू करते हैं
शेयर बाजार डूबा
अमेरिका में चुनाव के नतीजे आने के बाद से शेयर बाजार डूब गया है. अमेरिका में शेयर बाजार डूबने का जिम्मेदार ट्रंप ने डेमोक्रेट पार्टी को ठहराया है. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके विपक्षी पार्टी पर ठीकरा फोड़ा है. डोनाल्ड ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट किया है. उन्होंने लिखा, “चुनाव के नतीजों की वजह से शेयर बाजार ने इतिहास के सबसे बुरे दिनों में से एक का सामना किया है. यह देखना बहुत दुखद है. ”
ट्रंप ने आगे लिखा, ”हमने इतनी मेहनत करके देश को उस स्तर तक पहुंचाया था जो पहले कभी नहीं देखा गया था और अब यह सब हो गया. इसी वजह से आपके 401(k) (रिटायरमेंट फंड) में गिरावट आई है. याद रखें इसमें रिपब्लिकन का कोई हाथ नहीं था. यह सब ‘डमोक्रेट्स’ (डेमोक्रेट्स) की वजह से हुआ है.”