नई दिल्ली समेत 6 स्टेशनों पर 14 नवंबर तक प्लेटफॉर्म टिकट बंद, भीड़ पर फैसला
त्योहारी सीजन के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने दिल्ली के 6 प्रमुख रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगा दी है. जानिए कौन-कौन से प्लेटफॉर्म पर रोक लगाई गई है.
नवंबर के महीने की शुरुआत हो चुकी है. अब दीवाली और छठ जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं. इस दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ काफी बढ़ गई है, क्योंकि बड़ी संख्या में लोग दीवाली और छठ मनाने अपने घर जा रहे हैं. यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली के 6 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री को बंद कर दिया गया है.
बता दें कि ये प्रतिबंध 3 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक लागू रहेगा. ये फैसला यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए लिया गया है. क्योंकि दीवाली-छठ के दौरान हर साल ही ट्रेनों में ही नहीं, बल्कि प्लेटफॉर्म पर भी पैर रखने की जगह नहीं मिलती है. ऐसे में ये जानते हैं कि दिल्ली के कौन-कौन से रेलवे स्टेशन पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री पर रोक लगाई गई है?
दिल्ली के 6 प्रमुख स्टेशन पर लगी रोक
3 नवंबर से 14 नवंबर 2026 तक दिल्ली के 6 प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकट की बिक्री बंद कर दी गई है .इनमें शामिल है…
- नई दिल्ली
- दिल्ली जंक्शन
- हजरत निजामुद्दीन
- गाजियाबाद
- आनंद विहार टर्मिनल
- आनंद विहार हॉल्ट
ध्यान रखें, यहां पर प्लेटफॉर्म टिकट नहीं मिलेंगे. यानी आप इस दौरान किसी को स्टेशन छोड़ने या फिल लाने के लिए सामान्य रूप से प्लेटफॉर्म टिकट नहीं खरीद सकेंगे. अहम बात ये है कि रेलवे ने कुछ खास यात्रियों को इस नियम से राहत भी दी है.
किन लोगों को मिलेगी छूट?
बता दें कि रेलवे ने कुछ लोगों को इन नियम से छूट दी है. इनमें बुजुर्गों, बीमारों और दिव्यांग यात्री शामिल है. यानी इन यात्रियों की मदद के लिए उनके साथ आने वाले लोगों को छूट दी जाएगी. इसके साथ ही अनपढ़ लोगों और ऐसी महिला यात्रियों की मदद के लिए भी उनके साथ आने वाले लोगों को भी इस नियम के बाहर रखा गया है.
स्टेशन जाने से पहले करें ये काम
रेलवे ने ये फैसला यात्रियों की बढ़ती भीड़ को रखते हुए लिया है, ताकि स्टेशन पर अतिरिक्त भीड़ को कम किया जा सकें. ऐसे में अगर आप रेलवे स्टेशन किसी को छोड़ने या लेने जा रहे हैं तो पहले ही प्लेटफॉर्म टिकट से जुड़े नियम जान लें. वहीं जिन लोगों को राहत दी गई है, वे भी जरूरत के मुताबिक ही यात्री की मदद के लिए स्टेशन जा सकते हैं. अगर कोई जरूरी काम नहीं है तो इस दौरान स्टेशन जाने से बचना चाहिए. वहीं ट्रेन की टाइमिंग, प्लेटफॉर्म नंबर पहले ही पता कर लें.