योगी की तारीफ पर रवि किशन का विपक्ष पर तंज, बोले- अब सब कोमा में हैं
गोरखपुर के सांसद और भोजपुरी सुपर स्टार रवि किशन ने सीएम योगी के विरोधियों पर तंज कसा है। रवि किशन ने सोमवार को गोरखपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि गृह मंत्री अमित शाह ने लखनऊ में मंच से मुख्यमंत्री आदित्यनाथ की छह बार तारीफ की। इस तारीफ से उनके विरोधियों को सांप सूंघ गया है क्योंकि वो लोग दोनों को लेकर बहुत सारी राजनीति करते थे।
रवि किशन ने कहा कि जब से गृह मंत्री अमित शाह ने सीएम योगी की तारीफ की है, तब से सारे विरोधी कोमा में लगे गए हैं। उन्होंने कहा, “….सोचते थे दोनों में 36 का आंकड़ा है, पता नहीं क्या-क्या कहते थे, जब खुद ही गृह मंत्री बोले- इनके आने से लॉ एंड ऑर्डर और इनकी तरफ मेहनती आदमी और मुख्यमंत्री मुख्यमंत्री मिल जाए…. सारे विरोधी कोमा में हैं, सब एडमिट हो गए हैं जाकर।”
उन्होंने दावा किया कि 27 का चुनाव 17 से बड़ा होगा और बीजेपी की बड़ी जीत होगी। रवि किशन ने कहा, “महादेव पूरी लाज रखेंगे, ये जनता की आवाज है। ये मैं नहीं बोल रहा हूं, मैं जनता में घूमता हूं, जनता का आदमी हूं, जनता ने सुपरस्टार बनाया है, जनता सांसद बनाती है, ऐतिहासिक जीत के साथ आ रहे हैं, बहुत बड़ा शंखनाद होगा।”
बीते शुक्रवार को अमित शाह ने उत्तर प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में 403 में से 350 सीट जीतने का लक्ष्य निर्धारित करते हुए चुनाव की तैयारियों का खाका तैयार किया। यूपी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार बीजेपी की जीत का भरोसा जताते हुए अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में पार्टी की सरकार ”अंगद के पांव” की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता।
