महादेव किसी पार्टी के नहीं’, त्रिपुंड तिलक पोस्ट पर शिवराज सिंह चौहान का तंज
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर त्रिपुंड तिलक शेयर करने को लेकर तंज कसा है. उन्होंने कहा, श्रीराम किसी दल के नहीं हैं.
मानहानि केस में बरी होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर त्रिपुंड तिलक की तस्वीर शेयर की थी. जिसके बाद बीजेपी और कांग्रेस के बीच सियासी जंग शुरू हो गई है. अब केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर तंज कसा है. उन्होंने लिखा, महादेव किसी पार्टी के नहीं, श्रीराम किसी दल के नहीं। वे करोड़ों लोगों की आस्था और सनातन संस्कृति के शाश्वत प्रतीक हैं.
शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है. उन्होंने लिखा, हरि और हर अलग नहीं हैं, दोनों एक ही परम तत्व के दो स्वरूप हैं. भगवान विष्णु यानी हरि और भगवान शिव यानी हर के इसी एकत्व को हरिहर कहा गया है. सनातन धर्म में श्रीराम और महादेव एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि परस्पर श्रद्धा, प्रेम और भक्ति के प्रतीक हैं.
महादेव किसी पार्टी के नहीं
उन्होंने आगे लिखा, विडंबना देखिए! राजनीति करने वाले कभी महादेव को बीजेपी के विरोध में खड़ा करते हैं, तो कभी जय श्रीराम के उद्घोष को राजनीतिक चश्मे से देखते हैं. महादेव किसी पार्टी के नहीं, श्रीराम किसी दल के नहीं. वे करोड़ों लोगों की आस्था और सनातन संस्कृति के शाश्वत प्रतीक हैं.
जरा सोचिए, जो महादेव स्वयं श्रीराम के आराध्य हैं, क्या उनकी भक्ति के नाम पर श्रीराम से दूरी बनाई जा सकती है? जो श्रीराम महादेव की पूजा करते हैं, उनकी भक्ति को किसी राजनीतिक खांचे में कैसे बांटा जा सकता है? ईश्वर को राजनीति में बांटने वालों को समझना चाहिए आस्था जोड़ती है, राजनीति की संकीर्णता तोड़ती है. हरि में हर हैं, हर में हरि हैं. यही सनातन सत्य है, यही हरिहर का संदेश है. जय श्रीराम! हर हर महादेव!
बता दें कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने बीजेपी पर निशाना साधा था. उन्होंने राहुल गांधी के पोस्ट को शेयर करते हुए लिखा, राहुल जी ने त्रिपुंड तिलक की तस्वीर क्या डाल दी, मोदी जी के चमचों के दिल में आग क्यों लग गई? क. क. क. क. कांग्रेस के जुनून में भगवान पर भी कब्ज़ा कर लिया सनकी आशिक ने?
ये भी पढ़ें: