JDU MLC उम्मीदवार नीरज कुमार की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचे CM सम्राट चौधरी
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के जय प्रभा मेदांता अस्पताल में भर्ती जदयू नेता नीरज कुमार से मुलाकात की. उन्होंने डॉक्टरों से स्वास्थ्य की जानकारी लेकर बेहतर इलाज के निर्देश दिए.
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार (21 अक्टूबर 2026) शाम पटना के जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल पहुंचे. यहां उन्होंने जदयू नेता और विधान पार्षद नीरज कुमार से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने उनका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की. उन्होंने डॉक्टरों से भी बातचीत की और नीरज कुमार के स्वास्थ्य की ताजा जानकारी ली. मुख्यमंत्री ने चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
दरअसल, सोमवार को नीरज कुमार को सीने में दर्द की शिकायत हुई थी. इसके बाद उन्हें पटना के जय प्रभा मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है. उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आने के बाद समर्थकों और राजनीतिक सहयोगियों में चिंता है.
यह भी पढ़ें- ‘बूथ पर पैसा देना हो तो बीमार हो जाते हैं’, नीरज कुमार पर अनंत सिंह का तंज
मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से ली जानकारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अस्पताल पहुंचकर नीरज कुमार के स्वास्थ्य की स्थिति के बारे में जानकारी ली. उन्होंने चिकित्सकों से उपचार को लेकर बातचीत की. साथ ही बेहतर इलाज करने और किसी तरह की कमी नहीं रहने देने पर जोर दिया. मुख्यमंत्री ने नीरज कुमार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.
विजय चौधरी और संजय सरावगी भी रहे मौजूद
इस दौरान बिहार के उप मुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और वरिष्ठ चिकित्सक मौजूद रहे. नेताओं ने नीरज कुमार के स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी ली. हालांकि, उनके स्वास्थ्य को लेकर अस्पताल की ओर से कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन उपलब्ध नहीं कराया गया है.
यह भी पढ़ें- नालंदा में बाइक हटाने को कहा तो सिर में मार दी गोली, ट्रैक्टर चालक की मौत
