October 20, 2026

स्व.सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती पर होंगे सेवा, संत सम्मान और संस्कृति को समर्पित भव्य आयोजन

0
WhatsApp Image 2026-10-19 at 3.55.05 PM

 

551 साधु-संतों की प्रसादी, वृंदावन में ‘हमारे राम’ का मंचन और गोवर्धन, बरसाना व श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर होंगे विशेष दर्शन
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
स्वीटी बाय एम. आर. ग्रुप के संस्थापक स्वर्गीय श्री सुरेश चंद्र अग्रवाल की 75वीं जन्म जयंती (हीरक जयंती) के अवसर पर सेवा, श्रद्धा, संत सम्मान और भारतीय संस्कृति को समर्पित विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 20 अक्टूबर को ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए भव्य प्रसादी, वृंदावन में प्रसिद्ध नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का मंचन तथा गोवर्धन, बरसाना और श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुर जी की विशेष पोशाक एवं फूल बंगला दर्शन का आयोजन होगा।

स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल एक दूरदर्शी उद्यमी और सिद्धांतों के प्रति समर्पित व्यक्तित्व थे। उन्होंने सीमित संसाधनों से अपनी व्यावसायिक यात्रा शुरू की और मेहनत, ईमानदारी तथा विश्वास के बल पर ‘स्वीटी सुपारी’ को विशिष्ट पहचान दिलाई। व्यवसाय के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी, पारिवारिक संस्कार, धार्मिक आस्था और मानवीय मूल्यों के प्रति उनका समर्पण सदैव प्रेरणास्रोत रहा।

उनकी विरासत को उनके सुपुत्र एवं एम. आर. ग्रुप के चेयरमैन सुनील कुमार अग्रवाल तथा पौत्र एवं मैनेजिंग डायरेक्टर लव कुमार बंसल आगे बढ़ा रहे हैं।

18 अक्टूबर को स्वास्थ्य शिविर का हुआ आयोजन

हीरक जयंती के उपलक्ष्य में 18 अक्टूबर को ग्रीन वैली में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। इसके माध्यम से जनसेवा और जनकल्याण की उस भावना को आगे बढ़ाया गया, जो स्वर्गीय अग्रवाल के जीवन का अभिन्न हिस्सा रही।

551 साधु-संतों के लिए होगी प्रसादी

20 अक्टूबर को प्रातः परिणय गार्डन में ब्रज क्षेत्र के 551 साधु-संतों के लिए भव्य प्रसादी का आयोजन किया जाएगा। इसमें ब्रज के विभिन्न क्षेत्रों से साधु-संतों एवं ब्रजवासियों की सहभागिता रहेगी। संत सेवा, अन्नदान और ब्रज समाज के प्रति सम्मान की भावना से आयोजित यह कार्यक्रम स्वर्गीय अग्रवाल के धार्मिक संस्कारों और सेवा भाव को समर्पित होगा।

तीन प्रमुख धार्मिक स्थलों पर होंगे विशेष दर्शन

इसी क्रम में गोवर्धन स्थित श्री दानघाटी मंदिर, बरसाना स्थित श्री राधारानी मंदिर तथा मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर ठाकुर जी की विशेष पोशाक और भव्य फूल बंगला दर्शन का आयोजन किया जाएगा।

परिवार के अनुसार, स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल का इन तीनों पवित्र स्थलों से विशेष आध्यात्मिक जुड़ाव था। वह अपने जीवनकाल में यहां श्रद्धापूर्वक दर्शन करने जाते थे। उनकी आस्था और भावनात्मक लगाव को स्मरण करते हुए परिवार की ओर से इन धार्मिक आयोजनों का संकल्प लिया गया है।

वृंदावन में होगा ‘हमारे राम’ का मंचन

हीरक जयंती के मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत मंगलवार, 20 अक्टूबर को वृंदावन स्थित स्वामी हरिदास ऑडिटोरियम, गीता शोध संस्थान में फेलिसिटी थिएटर की चर्चित नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का भव्य मंचन किया जाएगा।

यह नाट्य प्रस्तुति भगवान श्रीराम के जीवन, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्शों को मंच सज्जा, संगीत एवं प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत करती है। इसमें राहुल आर. भूचर प्रभु श्रीराम, आशुतोष राणा रावण, दानिश अख्तर भगवान हनुमान, तरुण खन्ना भगवान शिव तथा अमृता परिहार माता सीता की भूमिका में नजर आएंगे।

आयोजकों के अनुसार, भगवान श्रीराम के जीवन मूल्यों और स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल के सिद्धांतनिष्ठ जीवन के बीच भावनात्मक एवं वैचारिक जुड़ाव को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्तुति का आयोजन किया जा रहा है। इसे उनके आदर्शों, संस्कारों और जीवन दर्शन के प्रति श्रद्धांजलि के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

आयोजन की तैयारियों में जुटी टीम

हीरक जयंती के आयोजन की तैयारियों में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष एवं परिवार के वरिष्ठ सदस्य कन्हैयालाल अग्रवाल का विशेष सहयोग और मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। एम. आर. ग्रुप परिवार ने उनके सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया है।

ग्रुप की टीम पिछले लगभग तीन महीनों से आयोजन की तैयारियों में जुटी हुई है। मंच व्यवस्था, सजावट, फोटोग्राफी, भोजन, अतिथि सत्कार और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़े सहयोगियों के योगदान की भी सराहना की गई है।
एम.आर. ग्रुप परिवार के अनुसार, संस्थापक की हीरक जयंती उनके प्रति श्रद्धा व्यक्त करने, संत सेवा और ब्रज समाज के प्रति सम्मान प्रकट करने तथा उनके प्रेरणादायी जीवन मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का अवसर है। परिवार ने स्वर्गीय सुरेश चंद्र अग्रवाल की स्मृति को नमन करते हुए सेवा, सत्यनिष्ठा, धर्म, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व के आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *