पुलिस मुठभेड़ के बाद अंतरजनपदीय गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार, 99,500 रुपये और चोरी का सामान बरामद
रिफाइनरी पुलिस और एंटी रिवार्ड टीम की संयुक्त कार्रवाई, दो तमंचे, कारतूस और वारदात में प्रयुक्त कार भी बरामद
(मथुरा)(ए.के.शर्मा)
थाना रिफाइनरी क्षेत्र में पुलिस और एंटी रिवार्ड टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान चोरी के मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रिफाइनरी पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 99,500 रुपये नकद, एक गैस सिलेंडर, दो ल्यूमिनस बैटरी, दो अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद औरा कार बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इटावा जिले के बकेवर थाना क्षेत्र निवासी सुधीर और साहिल उर्फ लालू के रूप में हुई है।
रिफाइनरी पुलिस के मुताबिक, 12 अक्टूबर 2026 को किशन वाटिका कॉलोनी, पुष्पांजलि के निकट निवासी पवन कुमार ने थाना रिफाइनरी में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके घर से नकदी, आभूषण, गैस सिलेंडर, बैटरी सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर रिफाइनरी क्षेत्र में बाद पुल से लगभग 100 मीटर पहले पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। इस संबंध में थाना रिफाइनरी में मुकदमा अपराध संख्या 342/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धाराओं 3/25/27 में भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
नकदी, बैटरी और तमंचे बरामद
रिफाइनरी पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 99,500 रुपये नकद, एक गैस सिलेंडर, दो ल्यूमिनस बैटरी, दो 315 बोर के अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और चार खोखा कारतूस बरामद किए गए। इनमें से दो खोखा कारतूस तमंचों की नाल में फंसे हुए बताए गए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की औरा कार भी जब्त की गई है, जिसका पंजीकरण नंबर यूपी 75 डीटी 0953 है।
दोनों आरोपियों पर पहले से कई मुकदमे दर्ज
रिफाइनरी पुलिस के मुताबिक आरोपी सुधीर के खिलाफ इटावा जिले के विभिन्न थानों में हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित कई मामलों का आपराधिक इतिहास दर्ज है। वहीं, साहिल उर्फ लालू के खिलाफ भी लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और अन्य धाराओं में विभिन्न मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में थाना रिफाइनरी के प्रभारी निरीक्षक अनुराग चौधरी, एंटी रिवार्ड टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक अमित तोमर, उपनिरीक्षक विक्रांत तोमर, उपनिरीक्षक पविंद्र कुमार सहित थाना रिफाइनरी और पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
