सऊदी अरब पर हूती हमलों के बीच क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को एक महल से दूसरे महल में ले जाया जा रहा है. मिसाइल हमले के बाद से किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद है.

हूती हमलों के बीच एक महल से दूसरे महल जा रहे सऊदी क्राउन प्रिंस
सऊदी अरब पर हूती हमलों के बीच क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान को कड़ी सुरक्षा वाले एक महल से दूसरे महल में ले जाया जा रहा है. 41 साल के क्राउन प्रिंस नेशनल डोनेशन ड्राइव के बाद से लोगों के बीच नहीं दिखे हैं. वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक, उनके आने-जाने की जानकारी रखने वाले अधिकारियों ने बताया है कि उन्हें कड़े पहरे वाले और बंकरों से लैस महलों के बीच ले जाया जा रहा है.
एक स्पेशल टीम उनकी सुरक्षा कर रही है, क्योंकि सऊदी अरब और यमन के हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई तेज हो रही है और सुरक्षा का खतरा भी बढ़ रहा है. शनिवार को सऊदी अरब पर पिछले एक दशक का सबसे बुरा हमला हुआ. राजधानी के इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक हूती मिसाइल गिरी. इसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई और 300 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कई गंभीर रूप से घायल हैं.
किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद
वीकेंड पर हुए मिसाइल हमले के बाद से किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट बंद है. पिछले 5 दिनों में इस पर 4 बार हमले हो चुके हैं. सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्री प्रिंस अब्दुलअजीज बिन सलमान ने चेतावनी दी कि हमलों की गंभीरता को देखते हुए सऊदी अरब का जवाब भी उतना ही कड़ा होगा.
ट्रंप ने क्या कहा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह हूतियों के खिलाफ सऊदी अरब के हमलों में शामिल होने पर विचार कर रहे हैं. मक्का समझौते में शामिल रियाद के सहयोगियों ने भी अपना समर्थन जताया है. दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से कड़ा गृहयुद्ध चल रहा है और 2022 में एक कमजोर संघर्ष-विराम समझौता हुआ था. ईरान के खिलाफ अमेरिका-इजराइल युद्ध के माहौल में इस साल जुलाई में वह समझौता टूट गया.
हूतियों को ईरान का समर्थन
हूती विद्रोहियों ने तब हमले फिर से शुरू कर दिए, जब उन्होंने सऊदी अरब पर आरोप लगाया कि उसने सना एयरपोर्ट पर तब गोलीबारी की, जब ईरान का एक विमान वहां उतरने की कोशिश कर रहा था. हूती विद्रोहियों को ईरान का समर्थन हासिल है और वे इस क्षेत्र में ईरान के सबसे बड़े हथियारबंद समर्थकों में से एक हैं. ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि तेहरान अरब प्रायद्वीप में हो रही घटनाओं को लेकर बहुत चिंतित है. उन्होंने कहा कि इस लड़ाई से सिर्फ इजरायली सरकार को ही फायदा होगा.
ये भी पढ़ें
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच NSA अजीत डोभाल ने ईरान लगाया फोन, मोहसिन रेजाई से क्या हुई बात?
