CJP Protest: पुलिस की कार्रवाई पर भड़के अभिषेक मनु सिंघवी- ‘यह पूरी तरह…’
राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि यह गिरफ्तारियां किसी भी घटना के शुरू होने से पहले एहतियात के तौर पर की गई हैं. प्रदर्शनकारियों की तरफ से कुछ भी गलत किए जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है.

कांग्रेस सांसद और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने रविवार (11 अक्टूबर, 2026) को दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस की कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर प्रशासन की तरफ से की गई कार्रवाई को पूरी तरह से गैर-कानूनी और असंवैधानिक करार देते इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने के संवैधानिक अधिकार का सीधा उल्लंघन कहा है.
उन्होंने कहा, ‘प्रदर्शनकारियों की तरफ से कुछ भी गलत किए जाने का कोई सवाल ही नहीं उठता है. प्रशासन की तरफ से उन्हें हिरासत में लेना पूरी तरह से गैर-कानूनी और असंवैधानिक है.’
यह कार्रवाई शांतिपूर्ण प्रदर्शन के मौलिक अधिकार का उल्लंघन- सिंघवी
अभिषेक मनु सिंघवी ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, ‘यह गिरफ्तारियां किसी भी घटना के शुरू होने से पहले एहतियात के तौर पर की गई हैं. किसी को गुरुग्राम से उठा लिया और किसी को विमान से ही हिरासत में ले लिया.’
उन्होंने कहा, ‘यह गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने के मौलिक अधिकार का पूरी तरह से खत्म करने जैसा है और आप अपने तथाकथित विशेष सुरक्षा उपायों के नाम पर ऐसा नहीं कर सकते हैं.’
सिंघवी ने बताया क्यों किया जा रहा विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस पार्टी से राज्यसभा सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने स्पष्ट तौर पर कहा कि यह विरोध प्रदर्शन देश की संवैधानिक संस्थाओ के सामने लोकतांत्रिक आदर्शो से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाने के लिए आयोजित किया गया था. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि इस प्रदर्शन के जरिए न्यायपालिका को निशाने पर लेने का कोई राजनीतिक मकसद नहीं था.
उन्होंने कहा, ‘इस विरोध प्रदर्शन का मकसद देश के उन सभी महत्वपूर्ण संस्थाओं के प्रमुखों का ध्यान अपनी तरफ करना है, जिन्हें लेकर हमारा मानना है कि वो लोकतंत्र की नींव को ही प्रभावित कर रहे हैं. इसके अलावा इसका और कोई राजनीतिक मकसद नहीं है. सुप्रीम कोर्ट को लेकर इसमें कोई राजनीतिक पहलू नहीं है. हम सिर्फ देश के एक अहम संस्था के सामने अपना अलग नजरिया पेश कर रहे हैं.’
यह भी पढे़ंः CJP प्रोटेस्ट के बीच राहुल गांधी का बड़ा ऐलान, कहा – ‘कल पूरा भारत…’
