बलदेव पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत थाना बलदेव पुलिस, स्वॉट और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 85 किलो 260 ग्राम अवैध गांजा, एक मारुति स्विफ्ट कार, एक स्कूटी, पांच हजार रुपये नकद और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

बलदेव पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई कटारा मैरिज होम के पास दाऊजी स्पेयर पार्ट्स के मालिक के गोदाम पर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विष्णु पुत्र सुरेश चंद्र निवासी शैलखेड़ा, विष्णु कुमार पुत्र मोहन सिंह निवासी पालीखेड़ा, गजेन्द्र पुत्र राजवीर सिंह निवासी पालीखेड़ा, चन्द्रवीर पुत्र हरवीर सिंह निवासी एटीवी सुशांत लोक 29/सी तथा सोना पुत्र जन्नो निवासी नगला जंट, थाना हाईवे क्षेत्र, मथुरा के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि बरामद गांजे में 56 किलो 250 ग्राम गोदाम से तीन कट्टों में, 24 किलो 870 ग्राम स्विफ्ट कार की डिग्गी से एक कट्टे में तथा 4 किलो 140 ग्राम स्कूटी से दो पैकेटों में मिला। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मारुति स्विफ्ट कार संख्या यूपी 85 डीए 7243 और टीवीएस जुपिटर 125 सीसी स्कूटी संख्या यूपी 85 डीबी 7096 भी बरामद की गई।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से ₹5,000 नकद और छह टच स्क्रीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए। इनमें तीन वीवो मोबाइल, एक आईफोन 12, एक मोटोरोला और एक आईक्यूजीरो मोबाइल शामिल है।

बलदेव पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना बलदेव में मु0अ0सं0 325/2026, धारा 8/20/22/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में गजेन्द्र के खिलाफ पूर्व में थाना मगोर्रा में मारपीट, गाली-गलौज और धमकी से संबंधित मुकदमा दर्ज है, जबकि चन्द्रवीर के खिलाफ थाना हाईवे में बीएनएस की धारा 316(2) के तहत पूर्व का मामला दर्ज बताया गया है।

कार्रवाई में थाना बलदेव के तेजतर्रार थानाध्यक्ष अभय कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुबोध कुमार भारद्वाज, स्वॉट प्रभारी उपनिरीक्षक महावीर सिंह, एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप चौधरी समेत थाना बलदेव पुलिस, स्वॉट और एसओजी टीम के अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

0Shares

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *