कानपुर-प्रयागराज हाईवे पर आने-जाने के लिए बनाई गई सर्विस लेन अब ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बन गई हैं। 90 किलोमीटर लंबे हाईवे में 37 सर्विस लेन का निर्माण कराया गया था, लेकिन देखरेख के अभाव में अधिकांश की हालत खराब हो चुकी है।
जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के साथ वर्षा के दौरान पानी भर जाता है। खागा बाईपास की सर्विस लेन में तो करीब चार फीट तक पानी इकट्ठा होने से आवागमन प्रभावित हो रहा है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से हर वर्ष वर्षा में यही स्थिति बनती है। राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक दिक्कत उठानी पड़ रही है।
कानपुर-प्रयागराज हाईवे के औंग स्थित सर्विस लेन के पास बना नाला जाम होने व घास उग आने से जलभराव और चौडगरा फ्लाइ ओवरब्रिज के नीचे जाने वाली सर्विस लेन में नाला चोक होने से जलभराव की समस्या होती है। इसके अलावा लोधीगंज, थरियांव, भिटौरा बाईपास में बनी सर्विस लेन पूरी तरह से जर्जर हो गयी है।
90 किलोमीटर के दायरे में हाईवे किनारे 37 सर्विस लेन का निर्माण कराया गया था, ताकि स्थानीय लोग इन सर्विस लेन से बाजार तक का आवागमन सुरक्षित कर सके, लेकिन वर्तमान में कई जगह सड़क जर्जर होने के साथ जलभराव की समस्या से ग्रामीण जूझ रहे हैं।
वर्षा होते ही सर्विस लेन पर पानी जमा हो जाता है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क के गड्ढे दिखाई नहीं देते और वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ जाता है।
